

Weight Loss Tips: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अपनी सुख-सुविधाओं के पीछे इतने पागल हो गए हैं कि अपने शरीर की ओर ध्यान देना ही भूल गए हैं। मोटापा आज के समय में सिर्फ दिखावे या लुक की समस्या नहीं रह गया है बल्कि यह एक गंभीर वैश्विक महामारी का रूप ले चुका है। नेशनल हेल्थ मिशन के हालिया आंकड़े चौंकाने वाले हैं जो बताते हैं कि मोटापा अब बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर उम्र के वर्ग को अपनी चपेट में ले रहा है। विशेषज्ञों की मानें तो मोटापा कई बीमारियों की जड़ है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि जब शरीर का वजन सामान्य से अधिक हो जाता है तो यह केवल चर्बी नहीं बढ़ाता, बल्कि शरीर के अंदरूनी तंत्र को भी अस्त-व्यस्त कर देता है। मोटापा शरीर में आंतरिक सूजन पैदा करता है जो आगे चलकर इंसुलिन प्रतिरोध को बढ़ाता है। यही कारण है कि मोटापे से ग्रस्त व्यक्ति को टाइप-2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड और धमनियों में ब्लॉकेज जैसी समस्याएं घेर लेती हैं।