ब्लड शुगर कंट्रोल रखना है तो इन सब्जियों से बना लें दूरी, नहीं तो तेजी से बढ़ सकता है ग्लूकोज लेवल
Blood Sugar Control Diet Tips: डायबिटीज के मरीजों के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है। जानिए किन सब्जियों का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए ताकि ब्लड शुगर नियंत्रण में रहे।
- Written By: सीमा कुमारी
ब्लड शुगर कंट्रोल टिप्स (सौ.सोशल मीडिया)
Vegetables To Avoid In Diabetes: आज के समय में डायबिटीज सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई है। खराब लाइफस्टाइल, गलत खानपान और बढ़ते तनाव के कारण कम उम्र के लोग और बच्चे भी इस बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। डायबिटीज होने पर सिर्फ दवाइयों से काम नहीं चलता, बल्कि रोज़ाना की डाइट पर भी विशेष ध्यान देना पड़ता है। खानपान में थोड़ी सी लापरवाही भी ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकती है।
अक्सर लोगों को लगता है कि डायबिटीज में केवल मीठी चीजों से दूरी बनाना ही काफी है, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। कुछ ऐसी सब्जियां भी हैं जिनमें कार्बोहाइड्रेट या ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) अधिक होता है। इन्हें ज्यादा मात्रा में खाने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। डॉक्टर सलीम ज़ैदी ने अपने यूट्यूब चैनल पर ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में जानकारी दी है।
1. मक्का या स्वीट कॉर्न का सेवन सीमित रखें
बारिश के मौसम में भुट्टा खाना लगभग हर किसी को पसंद होता है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों को इसे सोच-समझकर खाना चाहिए। आधी कटोरी स्वीट कॉर्न में लगभग 21 ग्राम कार्बोहाइड्रेट और केवल 2 ग्राम फाइबर होता है।
सम्बंधित ख़बरें
Brain Health: कम नींद और लंबे वर्किंग आवर्स बना सकते हैं दिमाग को समय से पहले बूढ़ा, जानिए एक्सपर्ट्स के उपाय
शरीर में मैग्नीशियम की कमी हो गई है? रोज की डाइट में शामिल करें ये 4 सुपरफूड, थकान और कमजोरी से मिलेगी राहत
Balatod Pain : बालतोड़ की दर्दनाक गांठ से हैं परेशान? अपनाएं ये देसी उपाय, सूजन और दर्द में मिल सकती है राहत
Roti Intake: दिनभर में कितनी रोटियां खाना है सही? इससे ज्यादा खा रहे हैं तो आज ही बदलें अपनी आदत
इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी अपेक्षाकृत अधिक माना जाता है, जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। इसलिए यदि शुगर कंट्रोल में रखना चाहते हैं तो कॉर्न का सेवन बहुत सीमित मात्रा में करें या डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही लें।
2. आलू ज्यादा खाना पड़ सकता है भारी
आलू भारतीय रसोई का अहम हिस्सा है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों के लिए इसका अधिक सेवन नुकसानदायक हो सकता है। खासतौर पर उबले या मैश किए हुए आलू का ग्लाइसेमिक इंडेक्स काफी अधिक होता है। इससे शरीर में ग्लूकोज तेजी से बढ़ सकता है। यदि आलू खाना ही हो तो बहुत कम मात्रा में खाएं और इसे प्रोटीन व फाइबर वाली चीजों के साथ शामिल करें।
3. शकरकंद भी सोच-समझकर खाएं
शकरकंद को हेल्दी माना जाता है, लेकिन इसे पकाने का तरीका काफी मायने रखता है। बेक या रोस्ट करने पर इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बढ़ सकता है, जबकि उबालने पर यह अपेक्षाकृत कम रहता है। इसलिए डायबिटीज के मरीज यदि शकरकंद खाना चाहें तो उबली हुई शकरकंद सीमित मात्रा में ही खाएं।
4. सब्जियों का जूस पीने से पहले जान लें यह बात
कई लोग मानते हैं कि सब्जियों का जूस हमेशा फायदेमंद होता है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों के लिए यह हर बार सही विकल्प नहीं होता।गाजर, चुकंदर और टमाटर जैसे मिश्रित जूस बनाने पर उनमें मौजूद फाइबर काफी हद तक कम हो जाता है, जिससे शरीर में प्राकृतिक शर्करा तेजी से अवशोषित हो सकती है।
ये भी पढ़ें-शरीर में मैग्नीशियम की कमी हो गई है? रोज की डाइट में शामिल करें ये 4 सुपरफूड, थकान और कमजोरी से मिलेगी राहत
ऐसे में पूरी सब्जी खाना जूस पीने की तुलना में बेहतर माना जाता है। हालांकि, कुछ लोगों के लिए करेले का जूस लाभदायक हो सकता है, लेकिन इसे भी डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही लेना चाहिए।
डायबिटीज में क्या रखें ध्यान?
डायबिटीज के मरीजों को सिर्फ किसी एक सब्जी से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि पूरी डाइट का संतुलन बनाए रखना सबसे जरूरी है। फाइबर से भरपूर भोजन, पर्याप्त प्रोटीन, नियमित व्यायाम और डॉक्टर की सलाह के अनुसार भोजन करने से ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से नियंत्रित रखा जा सकता है।
नोट: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से है। यदि आपको डायबिटीज है, तो अपनी डाइट में किसी भी बड़े बदलाव से पहले अपने डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह जरूर लें।
