मिडिल ईस्ट संकट के बीच भारत को बड़ी राहत, LPG से भरा जहाज ‘शिवालिक’ गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंचा; VIDEO
Shivalik Reaches Mundra Port: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर है। कतर से 45 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर भारतीय जहाज 'शिवालिक' गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंच गया है।
- Written By: अमन उपाध्याय
शिवालिक मुंद्रा पोर्ट पहुंचा, फोटो (सो. सोशल मीडिया)
LPG Tanker Shivalik Arrival India: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध की स्थिति के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा को लेकर एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। कतर से भारी मात्रा में रसोई गैस (LPG) लेकर चला भारतीय मालवाहक जहाज ‘शिवालिक’ सोमवार शाम सफलतापूर्वक गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पहुंच गया है। इस जहाज के सफलतापूर्वक भारत पहुंचने से देश की एलपीजी आपूर्ति को लेकर बनी चिंताओं को काफी हद तक कम किया गया है।
32 लाख सिलेंडरों की आपूर्ति का सामान
शिपिंग मंत्रालय द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, ‘शिवालिक’ जहाज करीब 45,000 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर भारत पहुंचा है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह मात्रा लगभग 32 लाख घरेलू गैस सिलेंडरों को भरने के लिए पर्याप्त है। गौरतलब है कि यह जहाज 14 मार्च को सामरिक रूप से संवेदनशील होर्मुज स्ट्रेट को पार कर भारत के लिए रवाना हुआ था। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष की शुरुआत के बाद यह भारत पहुँचने वाला पहला एलपीजी जहाज है।
सुरक्षित हैं भारतीय नाविक: सरकार का आश्वासन
सोमवार को आयोजित एक प्रेस ब्रीफिंग में पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने देश को आश्वस्त किया कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक और जहाज पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
स्टार्मर की धमकी बेअसर! ब्रिटेन के समंदर में खुलेआम घूम रहे रूसी ‘शैडो फ्लीट’ जहाज, नौसेना बेबस
ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने जयशंकर को किया फोन; होर्मुज संकट और सीजफायर पर हुई गहन चर्चा
चीन से Meta को बड़ा झटका: 2 अरब डॉलर की AI डील पर लगाई रोक, राष्ट्रीय सुरक्षा को बताया बड़ा खतरा
लंदन के गोल्डर्स ग्रीन में यहूदी समुदाय पर चाकू से हमला, पीएम कीर स्टारमर ने जताई गहरी चिंता
आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में फारस की खाड़ी में होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से में भारत के झंडे वाले 22 जहाज मौजूद हैं, जिन पर 611 भारतीय नाविक सवार हैं। सरकार इन सभी क्रू मेंबर्स के साथ लगातार संपर्क में है।
देखें VIDEO-
Mundra Port, Gujarat: The LPG tanker Shivalik arrived at Mundra Port via the Strait of Hormuz pic.twitter.com/7nFC8kfCSI — IANS (@ians_india) March 16, 2026
कच्चे तेल की खेप भी रास्ते में
गैस के साथ-साथ कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर भी अच्छी खबर है। विशेष सचिव सिन्हा ने जानकारी दी कि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से चला जहाज ‘जग लाडकी’ करीब 81,000 टन ‘मुरबान’ कच्चा तेल लेकर भारत की ओर बढ़ रहा है। यह जहाज 14 मार्च को रवाना हुआ था और इसके 17 मार्च तक मुंद्रा बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है। इस जहाज पर सवार सभी भारतीय नाविक भी सुरक्षित बताए गए हैं।
(IANS इनपुट के साथ)
