विक्रम गोखले (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Vikram Gokhale Birthday: भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले भले ही आज इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनका हमेशा नाम उन कलाकारों में शुमार रहा है जिन्होंने अभिनय को अपनी एक पहचान बनाया था। उन्होंने न सिर्फ हिंदी बल्कि मराठी सिनेमा में भी अपनी अलग छाप छोड़ी थी। वहीं 30 अक्टूबर 1940 को महाराष्ट्र के पुणे में जन्मे विक्रम गोखले के अभिनय की गहराई आज भी उनके प्रशंसकों के दिलों में बसती है।
हालांकि, अभिनेता का आज यानी 30 अक्टूबर को जन्मदिन है। ऐसे में इस दिन पर चलिए हम आपको उनके जीवन से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से बताते हैं…
दरअसल, विक्रम गोखले का परिवार भारतीय सिनेमा की जड़ों से जुड़ा रहा है। उनके पिता चंद्रकांत गोखले मराठी थिएटर और फिल्मों के जाने-माने कलाकार थे। उनकी परदादी दुर्गाबाई कामत भारतीय सिनेमा की पहली महिला अभिनेत्री थीं, जबकि दादी कमलाबाई गोखले देश की पहली फीमेल चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में जानी जाती हैं। इस तरह विक्रम को अभिनय का हुनर विरासत में मिला था।
विक्रम गोखले ने अपने करियर में सैकड़ों फिल्मों में काम किया। लेकिन उन्हें असली पहचान मिली संजय लीला भंसाली की फिल्म हम दिल दे चुके सनम से, जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या राय के पिता का किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उनकी दमदार डायलॉग डिलीवरी और स्वाभाविक अभिनय ने उन्हें एक अलग मुकाम दिया।
इसके अलावा उन्होंने भूल भुलैया, हिचकी, अग्निपथ, दिल से, निकम्मा और मिशन मंगल जैसी फिल्मों में भी शानदार प्रदर्शन किया। फिल्मों के साथ-साथ विक्रम गोखले ने छोटे पर्दे पर भी अपनी छाप छोड़ी। दूरदर्शन के मशहूर शो ‘उड़ान’ से लेकर संजीवनी तक, उन्होंने हर किरदार को बखूबी जिया।
ये भी पढ़ें- 800 करोड़ क्लब में शामिल हुई ‘कांतारा: चैप्टर 1’, ऋषभ शेट्टी ने टीम संग मनाया जश्न, शेयर की तस्वीरें
अपने अभिनय के लिए उन्हें कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्होंने मराठी फिल्म आघात का निर्देशन किया, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली। भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार और संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। बता दें, 26 नवंबर 2022 को विक्रम गोखले का निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे, लेकिन उनकी यादें और उनके निभाए किरदार आज भी सिनेप्रेमियों के दिलों में जिंदा हैं।