संजय लीला भंसाली के ऑफिस में दिखे शिवकार्तिकेयन, पैन-इंडिया प्रोजेक्ट की अटकलें तेज

Sivakarthikeyan News: तमिल स्टार शिवकार्तिकेयन हाल ही में संजय लीला भंसाली के मुंबई स्थित ऑफिस के बाहर स्पॉट किए गए, जिससे उनके पैन-इंडिया प्रोजेक्ट या बॉलीवुड डेब्यू की अटकलें तेज हो गई हैं।
संजय लीला भंसाली के ऑफिस में दिखे शिवकार्तिकेयन, पैन-इंडिया प्रोजेक्ट की अटकलें तेज
संजय लीला भंसाली के ऑफिस में दिखे शिवकार्तिकेयन
Published on
Updated on

Sivakarthikeyan spotted at Sanjay Leela Bhansali Office: तमिल सिनेमा के उभरते हुए सितारों में से एक शिवकार्तिकेयन को हाल ही में मुंबई में देखा गया। उन्हें बॉलीवुड निर्देशक संजय लीला भंसाली के ऑफिस में देखा गया। यहां से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसने अब इन अटकलों को हवा दे दी है कि शिवकार्तिकेयन बहुत जल्द बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने वाले हैं।

वायरल हुए इस वीडियो क्लिप में शिवकार्तिकेयन लोकप्रिय निर्देशक के कार्यालय पहुंचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस क्लिप ने सोशल मीडिया पर बहस शुरू कर दी है। लोग बातें कर रहे हैं कि अभिनेता यहां अपने पैन-इंडिया प्रोजेक्ट या फिर बॉलीवुड डेब्यू को लेकर बात करने पहुंचे हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

शिवकार्तिकेयन की दिल मद्रासी

शिवकार्तिकेयन पिछली बार निर्देशक ए.आर. मुरुगादॉस की फिल्म 'दिल मद्रासी' में दिखाई दिए थे। वह बहुत जल्द निर्देशक सुधा कोंगारा की बहुप्रतीक्षित पॉलिटिकल ड्रामा 'पराशक्ति' में नजर आएंगे। 'पराशक्ति' के निर्माताओं ने पहले ही बता दिया था कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और इसे अगले साल 14 जनवरी को पोंगल के अवसर पर रिलीज किया जाएगा।

पराशक्ति में दिखाई जाएगी पॉलिटिकल स्टोरी

पराशक्ति में अथर्व, रवि मोहन और श्रीलीला जैसे कलाकार भी हैं। इसमें 1960 के दशक के मद्रास (चेन्नई) की एक पॉलिटिकल स्टोरी दिखाई जाएगी। हाल ही में इसका टीजर जारी किया गया था जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसमें शिवकार्तिकेयन छात्रों के एक लीडर के रोल में दिखाई दिए। इस फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश ने दिया है और छायांकन अनुभवी कैमरामैन रवि के चंद्रन ने किया है। फिल्म के स्टंट सुप्रीम सुंदर ने डायरेक्ट किए हैं।

संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज

वहीं, निर्देशक संजय लीला भंसाली ने पिछली बार वेब सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ बनाई थी। नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस सीरीज में आजादी से पहले की कहानी थी। इन दिनों वह अपनी आने वाली फिल्म "लव एंड वॉर" की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल जैसे बड़े सितारे हैं। यह फिल्म 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। दर्शक इस फिल्म का इंतजार बेसब्री से कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com