Sunny Deol Border: ओटीटी पर लौटी सनी देओल की बॉर्डर, सीक्वल से पहले ताजा हुई 90 के दशक की देशभक्ति

Border OTT Streaming: सनी देओल की क्लासिक देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर’ ओटीटी पर स्ट्रीम हो रही है, जिससे 90 के दशक की यादें ताजा हो गई हैं। जेपी दत्ता की यह फिल्म 1971 युद्ध पर आधारित है।
sunny deol border returns on ott ahead of border-2
ओटीटी पर लौटी सनी देओल की बॉर्डर (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Sunny Deol Border Film: जब भी हिंदी सिनेमा में देशभक्ति से भरी फिल्मों का जिक्र होता है, तो 90 के दशक की कुछ चुनिंदा फिल्में अपने आप याद आ जाती हैं। इन्हीं में सबसे ऊपर नाम आता है सनी देओल की सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का, जिसने रिलीज के साथ ही दर्शकों के दिलों में खास जगह बना ली थी। अब, जब इसका सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ रिलीज के लिए तैयार है, ऐसे में 1997 में आई इस क्लासिक फिल्म को ओटीटी पर देखना दर्शकों के लिए एक भावनात्मक अनुभव बन गया है।

जेपी दत्ता के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर’ इस समय अमेजन प्राइम वीडियो और यूट्यूब पर स्ट्रीम हो रही है। यह फिल्म 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित है और खास तौर पर राजस्थान के लोंगेवाला पोस्ट पर हुए ऐतिहासिक युद्ध को बेहद प्रभावशाली अंदाज में दिखाती है। सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय सैनिकों के साहस, रणनीति और बलिदान को जिस ईमानदारी से फिल्माया गया, वह आज भी दर्शकों को रोमांचित कर देता है।

बॉर्डर के स्टार कास्ट

फिल्म में सनी देओल ने लेफ्टिनेंट कर्नल फतेह सिंह कलेर का किरदार निभाया था। उनका जोशीला अभिनय, दमदार डायलॉग्स और सैनिकों के प्रति जिम्मेदारी की भावना आज भी लोगों को प्रेरित करती है। वहीं सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ और अक्षय खन्ना जैसे कलाकारों ने भी अपने-अपने किरदारों से फिल्म को मजबूती दी। खासतौर पर अक्षय खन्ना का मासूम लेकिन जांबाज सैनिक का किरदार दर्शकों के दिल को छू गया था।

कब रिलीज होगा बॉर्डर 2

‘बॉर्डर’ का संगीत भी इसकी पहचान बना। ‘संदेशे आते हैं’ और ‘मेरे दुश्मन मेरे भाई’ जैसे गीत आज भी देशभक्ति के सबसे भावुक गीतों में गिने जाते हैं। इन गानों ने सैनिकों और उनके परिवारों के दर्द, इंतजार और जज्बे को बखूबी दर्शाया, जिससे फिल्म का प्रभाव और गहरा हो गया। अब करीब 28 साल बाद, उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए ‘बॉर्डर 2’ बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म 23 जनवरी 2026 को रिलीज होगी।

बॉर्डर 2 के स्टार कास्ट

अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी बॉर्डर 2 में सनी देओल एक बार फिर अहम भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी नजर आएंगे। सीक्वल से पहले ‘बॉर्डर’ को ओटीटी पर दोबारा देखना न सिर्फ पुराने दर्शकों के लिए यादों को ताजा करने का मौका है, बल्कि नई पीढ़ी के लिए 90 के दशक की सच्ची देशभक्ति को महसूस करने का बेहतरीन जरिया भी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com