T20 World Cup 2026: दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने जीता टॉस, भारत को पहले बल्लेबाजी का दिया न्योता

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप के दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इस बड़े मुकाबले में भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करेगी।
India vs England, 2nd Semi-Final
भारत और इंग्लैंड (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

India vs England, 2nd Semi-Final: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वहीं भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया है। जो टीम आज का मुकाबला जीतेगी वो न्यूजीलैंड से फाइनल में भिड़ेगी। न्यूजीलैंड साउथ अफ्रीका को हराकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है।

वानखेड़े में टॉस जीतकर इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने कहा, "विकेट अच्छा लग रहा है और उम्मीद है कि हम बॉल से अच्छी शुरुआत कर पाएंगे। जाहिर है, उन्हें इस ग्राउंड पर हमसे अधिक अनुभव है। T20 क्रिकेट बहुत चंचल गेम है, कभी नहीं पता होता कि क्या होगा। हमारी कोशिश रहेगी कि हम विपक्षी टीम और दर्शकों को नियंत्रण में रख सकें।" इस मुकाबले के लिए एक बदलाव किया गया है। रेहान अहमद की जगह जेमी ओवरटन को शामिल किया गया है।

टॉस गंवाने के बाद सूर्या ने क्या कहा?

टॉस हारने के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, "हम पहले बल्लेबाजी करने की योजना बना रहे थे। यह सेमीफ़ाइनल है, बड़ा मुकाबला है और हवा भी चल रही है। मुझे नहीं लगता कि ज्यादा ओस होगी। पिच शानदार लग रही है। सभी क्यूरेटर और ग्राउंड्समैन को इसके लिए श्रेय जाता है। उम्मीद है कि हम अच्छा शुरुआत करेंगे।" वहीं सूर्या ने कहा कि इस मुकाबले के लिए कोई बदलाव नहीं किया गया है।

टी20 वर्ल्ड कप में हेड टू हेड रिकॉर्ड

इंग्लैंड की टीम लगातार पांचवीं बार टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेल रही है। ऐसा लगातार तीसरी बार है, जब सेमीफाइनल में इंग्लैंड और भारत की टीम आमने-सामने हैं। टी20 वर्ल्ड कप में भारत-इंग्लैंड के बीच अब तक कुल 5 मैच खेले गए हैं, जिसमें टीम इंडिया ने 3 मैच जीते।

ऐसी है दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत- अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

इंग्लैंड- फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com