सलमान खान का 60वां बर्थडे (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Salman Khan Panvel Farmhouse Birthday Party: बॉलीवुड के ‘भाईजान’ सलमान खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं और इस खास मौके पर उनके चाहने वालों के बीच जश्न का माहौल है। सलमान ने हर साल की तरह इस बार भी अपना बर्थडे पनवेल स्थित फार्महाउस ‘अर्पिता फार्म्स’ पर सेलिब्रेट किया, जहां परिवार के साथ-साथ इंडस्ट्री के कई नामचीन सितारे भी शामिल हुए। इस खास शाम की तस्वीरें और वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।
सलमान खान के 60वें जन्मदिन को और भी खास बनाने के लिए उनके माता-पिता सलीम खान और सलमा खान भी वहां मौजूद रहे। पापा सलीम खान इस मौके पर क्रिसमस कैप पहनकर सैंटा के रूप में नजर आए, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया। परिवार के अन्य सदस्यों में सोहेल खान, अरबाज खान, अरबाज की पत्नी शूरा खान, बहनें अर्पिता खान शर्मा और अलवीरा खान अग्निहोत्री, भतीजे अरहान और निर्वाण खान, भांजा आहिल और भांजी आयत शामिल थे।
बर्थडे सेलिब्रेशन से एक रात पहले ही अर्पिता फार्म्स में सितारों का जमावड़ा लग गया था। संजय दत्त, आदित्य रॉय कपूर, क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी, महेश मांजरेकर, संगीता बिजलानी, रमेश तौरानी, निखिल द्विवेदी और हुमा कुरैशी जैसे कई सेलेब्स पार्टी में शामिल हुए। वहीं रितेश देशमुख अपनी पत्नी जेनेलिया डिसूजा और दोनों बेटों रियान व राहिल के साथ पहुंचे। इस स्टार-स्टडेड पार्टी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर खूब देखे जा रहे हैं।
सलमान खान के जन्मदिन की एक और खास बात यह है कि 27 दिसंबर को उनकी भांजी आयत का भी जन्मदिन होता है। हर साल की तरह इस बार भी सलमान ने आयत के साथ मिलकर केक काटा और दोनों ने साथ में बर्थडे सेलिब्रेट किया, जिसकी तस्वीरें फैंस को बेहद पसंद आ रही हैं।
उधर, मुंबई के बांद्रा-वर्ली सी लिंक को भी सलमान खान के जन्मदिन के मौके पर खास अंदाज में रोशन किया गया। लाइटिंग के जरिए सलमान की तस्वीर के साथ “हैप्पी बर्थडे, भाई” लिखा गया, जिसने फैन्स का दिल जीत लिया।
ये भी पढ़ें- Tanya Mittal Video: तान्या मित्तल ने ट्रोल्स को दिया करारा जवाब, फैक्ट्री का वीडियो शेयर कर बताया सच
वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द ही अपनी अगली फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं और इसके 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है। तीन दशकों से ज्यादा के करियर में सलमान आज भी करोड़ों दिलों पर राज कर रहे हैं।