रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के ट्रेलर लॉन्च की तारीख आई सामने, दिल्ली के भारत मंडपम में होगा ग्रैंड इवेंट
Ramayana Trailer Update: रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण पार्ट 1' का ट्रेलर 18 जुलाई को रिलीज होने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली के भारत मंडपम में भव्य लॉन्च इवेंट आयोजित होगा।
- Written By: सोनाली झा
रणबीर कपूर की फिल्म रामायण पार्ट 1 (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Ramayana Trailer Release Date: बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। भगवान श्रीराम के किरदार में रणबीर कपूर को देखने के लिए दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब फिल्म से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ का ट्रेलर इसी महीने रिलीज होने जा रहा है, जिसके लिए मेकर्स भव्य लॉन्च इवेंट की तैयारी में जुटे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘रामायण’ का ट्रेलर 18 जुलाई को रिलीज किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली के भारत मंडपम में एक ग्रैंड इवेंट आयोजित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा शामिल होंगे। इसके अलावा फिल्म की स्टारकास्ट की मौजूदगी की भी संभावना जताई जा रही है। मेकर्स ट्रेलर लॉन्च को यादगार बनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस इवेंट में फिल्म की झलक, विजुअल्स और कुछ खास सरप्राइज भी दर्शकों के सामने पेश किए जा सकते हैं।
दमदार स्टारकास्ट से सजी है रामायण
‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। कन्नड़ सुपरस्टार यश इस फिल्म में रावण का दमदार रोल निभा रहे हैं। वहीं सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जबकि इसे नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म की स्टारकास्ट और बड़े पैमाने पर तैयार किए जा रहे विजुअल इफेक्ट्स को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
सम्बंधित ख़बरें
King Budget: ‘किंग’ के बजट को लेकर बड़ा दावा, क्या शाहरुख खान ने सुहाना के डेब्यू के लिए खर्च किए 450 करोड़?
हेमा मालिनी ने सनी देओल और बॉबी देओल संग रिश्ते पर तोड़ी चुप्पी, बोलीं- हम हैप्पी फैमिली हैं, दिखावा नहीं करते
आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी की अंगूठी बनी चर्चा का विषय, 131 कारीगरों ने 256 घंटे में तैयार की शाही रिंग
विक्की कौशल ने याद किए ‘संजू’ के दिन, बोले- शूटिंग पर क्लैप देते थे वीर हिरानी, आज मेहनत के दम पर बने एक्टर
दो पार्ट में रिलीज होगी फिल्म
मेकर्स पहले ही साफ कर चुके हैं कि ‘रामायण’ को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का पहला भाग 6 नवंबर 2026, यानी दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। वहीं ‘रामायण पार्ट 2’ दिवाली 2027 पर दर्शकों के बीच आएगी। भारतीय पौराणिक महाकाव्य पर आधारित इस मेगा बजट फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। अब फैंस की निगाहें 18 जुलाई पर टिकी हैं, जब फिल्म का ट्रेलर पहली बार दुनिया के सामने पेश किया जाएगा।
