

Kajal Aggarwal Film Ramayana: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म की स्टारकास्ट पहले ही चर्चा का विषय बनी हुई है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभाते नजर आएंगे। अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने फिल्म में अपने किरदार मंदोदरी को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
काजल अग्रवाल ने बताया कि फिल्म के पहले भाग में उनका रोल काफी सीमित होगा, लेकिन इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में काजल अग्रवाल ने बताया कि ‘रामायण’ के पहले भाग में लंका से जुड़े घटनाक्रम कम दिखाए जाएंगे। ऐसे में मंदोदरी के किरदार को भी ज्यादा स्क्रीन टाइम नहीं मिलेगा।
काजल अग्रवाल ने कहा कि अब तक सिर्फ पहले पार्ट की शूटिंग हुई है और कहानी का अधिकांश हिस्सा लंका से पहले की घटनाओं पर आधारित है। उनका रोल भले ही छोटा हो, लेकिन इतनी भव्य और वैश्विक स्तर पर बनाई जा रही फिल्म का हिस्सा बनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह कहानी करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ी हुई है और वह खुद को इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर सौभाग्यशाली मानती हैं।
फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश के साथ काम करने के अनुभव को भी काजल ने साझा किया। उन्होंने कहा कि वह पहले से ही यश की अभिनय क्षमता की प्रशंसक रही हैं और इस फिल्म में उनके साथ काम करना बेहद यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यश का फिल्म के हर पहलू में गहरा जुड़ाव देखने को मिलता है, जो उनके काम के प्रति समर्पण को दर्शाता है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ दो भागों में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा। फिल्म की पहली झलक पहले ही रिलीज की जा चुकी है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में नजर आए थे। इसके अलावा साई पल्लवी, रवि दुबे और अयोध्या की भव्य दुनिया की झलक भी दिखाई गई थी।