

Shah Rukh Khan King Budget: बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। साल 2023 में रिलीज हुई ‘डंकी’ के बाद यह उनकी पहली थिएटर रिलीज होगी। फिल्म खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि इसके जरिए शाहरुख की बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर डेब्यू करने जा रही हैं। इसी बीच फिल्म के बजट को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘किंग’ का अनुमानित बजट करीब 450 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि इस रकम में फिल्म की प्रिंट और प्रमोशन लागत शामिल नहीं है। चूंकि फिल्म का निर्माण शाहरुख खान की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट कर रही है, इसलिए इस बजट में उनकी एक्टिंग फीस भी शामिल नहीं मानी जा रही।
अगर ये रिपोर्ट सही साबित होती है, तो ‘किंग’ शाहरुख खान के करियर की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बन जाएगी। इससे पहले उनकी सबसे बड़े बजट की फिल्म ‘जवान’ थी, जिसका निर्माण भी रेड चिलीज ने किया था और जिसका बजट लगभग 300 करोड़ रुपये बताया गया था। इसी बीच फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद का एक सोशल मीडिया पोस्ट भी सुर्खियों में आ गया।
सिद्धार्थ आनंद ने एक्स पर सिर्फ एक शब्द फॉल्स लिखा। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा किस ओर था। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स का मानना है कि निर्देशक ने 450 करोड़ रुपये के बजट वाली रिपोर्ट को गलत बताया है। हालांकि, सिद्धार्थ आनंद की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है, इसलिए बजट को लेकर स्थिति अभी साफ नहीं है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘किंग’ की शूटिंग मई 2025 में शुरू हुई थी और इसके अगस्त तक पूरी होने की उम्मीद है। फिल्म में बड़े स्तर पर वीएफएक्स का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी भी रेड चिलीज की टीम संभाल रही है। फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसमें शाहरुख खान और सुहाना खान पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। यही वजह है कि फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।