2500 रुपये लेकर मुंबई आए थे Nawazuddin Siddiqui, बिस्किट खाकर करते थे गुजारा, आज है बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर
Nawazuddin Siddiqui Birthday: नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि वह कभी सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे और कई बार सिर्फ बिस्किट खाकर गुजारा करते थे।
- Written By: सोनाली झा
नवाजुद्दीन सिद्दीकी (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Nawazuddin Siddiqui Birthday Special Story: बॉलीवुड एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी का जन्म 19 मई 1974 को यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के छोटे से कस्बे बुढ़ाना में हुआ था। एक्टर आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। आज बॉलीवुड में अपनी दमदार एक्टिंग से अलग पहचान बना चुके नवाजुद्दीन की जिंदगी कभी बेहद मुश्किलों से भरी हुई थी। छोटे से गांव से बड़े सपने लेकर मुंबई पहुंचे नवाजुद्दीन को शुरुआती दिनों में इतना संघर्ष करना पड़ा कि कई बार उनके पास खाना खाने तक के पैसे नहीं होते थे।
यूपी के एक छोटे से गांव से निकलकर मायानगरी मुंबई पहुंचे नवाजुद्दीन की जेब में उस समय सिर्फ 2500 रुपये थे। आंखों में अभिनेता बनने का सपना था, लेकिन मुंबई में टिके रहना उनके लिए आसान नहीं था। मुंबई आने के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कई तरह की परेशानियों का सामना किया। खर्च चलाने के लिए उन्हें सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी तक करनी पड़ी। कई बार हालात इतने खराब हो जाते थे कि उन्हें दिनभर सिर्फ बिस्किट खाकर गुजारा करना पड़ता था।
नवाजुद्दीन सिद्दीकी का संघर्ष
एक इंटरव्यू में नवाजुद्दीन ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि दिल्ली के नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से एक्टिंग सीखने के बाद उन्हें लगा था कि मुंबई में आसानी से काम मिल जाएगा, लेकिन हकीकत बिल्कुल अलग निकली। नवाजुद्दीन ने बताया कि फिल्मों में लगातार रिजेक्शन मिलने से उनका आत्मविश्वास पूरी तरह टूट गया था। करीब 10 साल तक उन्हें लगता रहा कि वह मनहूस हैं।
सम्बंधित ख़बरें
एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कमाई 50% गिरी? ‘thetopindia’ के सर्वे ने उड़ाए होश, जानिए इस दावे का पूरा सच!
शाहरुख खान की ‘किंग’ से टला क्लैश, अब नई तारीख पर रिलीज होगी Aneet Padda की ‘शक्ति शालिनी’
‘आप बिहारी है’, जब Shekhar Suman से बोले नितिन गडकरी, शो में छाए हंसी के ठहाके
कान्स 2026 में ब्लैक गाउन पहन Huma Qureshi ने बिखेरा ग्लैमर, तस्वीरों ने इंटरनेट पर मचाया तहलका
नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने कही ये बात
नवाजुद्दीन ने खुलासा किया कि जब भी उन्हें कोई बड़ा प्रोजेक्ट मिलता, आखिरी समय में वह उनके हाथ से निकल जाता था। कई बार शूटिंग शुरू होने से पहले ही उन्हें बिना वजह फिल्म से बाहर कर दिया जाता था। इन लगातार असफलताओं और धोखों ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था। अभिनेता ने बताया कि वह अपनी तकलीफ किसी को दिखाना नहीं चाहते थे, इसलिए अक्सर मुंबई की सड़कों पर अकेले छुप-छुपकर रोया करते थे।
गैंग्स ऑफ वासेपुर ने बदल दी जिंदगी
लंबे संघर्ष के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी की जिंदगी में सबसे बड़ा बदलाव निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ से आया। फिल्म में फैजल खान के किरदार ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। उनके अभिनय और डायलॉग डिलीवरी ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
आज करोड़ों दिलों पर करते हैं राज
गैंग्स ऑफ वासेपुर के बाद नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने बजरंगी भाईजान, मंटो, रमन राघव 2.0, सेक्रेड गेम्स और रात अकेली है जैसी कई शानदार फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया। आज उनकी गिनती बॉलीवुड के सबसे बेहतरीन और प्रतिभाशाली अभिनेताओं में होती है। कभी सड़क किनारे छुपकर रोने वाला यह कलाकार आज करोड़ों फैंस के दिलों पर राज कर रहा है।
