‘लॉक अप’ सीजन 2 (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Lock Upp 2 On OTT: ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने मंगलवार को अपने अपकमिंग शोज, फिल्मों और वेब सीरीज की लिस्ट जारी की, जिसमें कई बड़े और चर्चित प्रोजेक्ट्स शामिल हैं। इसी ऐलान के साथ निर्माता एकता कपूर के पॉपुलर रियलिटी शो ‘लॉक अप’ सीजन 2 की भी आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। चार साल के लंबे इंतजार के बाद यह विवादित और चर्चित रियलिटी शो एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने वाला है।
हालांकि शो की वापसी तय हो चुकी है, लेकिन इस वक्त सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत एक बार फिर ‘लॉक अप’ सीजन 2 को होस्ट करती नजर आएंगी या नहीं?
3 फरवरी को नेटफ्लिक्स की ओर से ‘लॉक अप’ सीजन 2 की घोषणा की गई। साल 2022 में इस रियलिटी शो का पहला सीजन ALT Balaji और MX Player पर स्ट्रीम किया गया था। 71 एपिसोड्स वाले इस सीजन ने जबरदस्त चर्चा बटोरी थी।
शो की सबसे बड़ी खासियत रही इसकी अनोखी कॉन्सेप्ट और कंगना रनौत की बेबाक होस्टिंग। कंटेस्टेंट्स को ‘कैदी’ के तौर पर लॉक अप में रखा गया था, जहां उन्हें लगातार टास्क, विवाद और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
लॉक अप सीजन 1 में कंगना रनौत बतौर होस्ट नजर आई थीं और उनकी सख्त, बेबाक और बेधड़क होस्टिंग को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। कई बार उनके बयान और सवाल सुर्खियों में भी रहे।
अब जब शो चार साल बाद वापसी कर रहा है, तो फैंस के मन में यही सवाल है कि क्या एक बार फिर कंगना रनौत इस शो को होस्ट करेंगी। फिलहाल इस मामले को लेकर नेटफ्लिक्स या एकता कपूर की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। साथ ही, शो की रिलीज डेट को लेकर भी अभी सस्पेंस बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ‘लॉक अप’ सीजन 2 को इस साल के मध्य तक नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है। हालांकि मेकर्स ने अभी तक न तो शो की लॉन्च डेट का खुलासा किया है और न ही कंटेस्टेंट्स की लिस्ट सामने आई है।
‘लॉक अप’ के पहले सीजन में कुल 16 कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया था। इनमें सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, टीवी स्टार्स और विवादों में रहे चेहरों को शामिल किया गया था। शो में अंजलि अरोड़ा, मुनव्वर फारूकी, पायल रोहतगी, करणवीर बोहरा, सायशा शिंदे, पूनम पांडे, अंसारा खान, शिवम शर्मा, निशा रावल और बबीता फोगाट जैसी हस्तियां नजर आई थीं। इन कंटेस्टेंट्स के बीच हुए झगड़े, दोस्ती और रणनीतियों ने शो को लगातार चर्चा में बनाए रखा।
ये भी पढ़ें- रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, बिश्नोई गैंग ने चलाई थी 7.62 MM की गोलियां, शूटर हुए बेनकाब
‘लॉक अप’ सीजन 1 के विनर स्टैंड-अप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी बने थे। उन्होंने फिनाले में पायल रोहतगी को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। मुनव्वर के लिए यह शो करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद वह सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 17’ में नजर आए और वहां भी विजेता बनकर उभरे। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘लॉक अप’ सीजन 2 में कौन से नए चेहरे नजर आते हैं और क्या कंगना रनौत की दमदार होस्टिंग एक बार फिर शो की जान बनेगी।