FWICE ने पीएम मोदी से की अपील, ‘सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री से किया जाए सम्मानित’
Satish Shah Passes Away: FWICE ने पीएम नरेंद्र मोदी से अपील की है कि सतीश शाह को मरणोपरांत पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाए। सतीश शाह का हाल ही में किडनी की बीमारी के चलते मुंबई में निधन हो गया।
- Written By: सोनाली झा
FWICE ने पीएम मोदी से की अपील
FWICE Appeals to PM Modi: बॉलीवुड और टीवी जगत के दिग्गज अभिनेता सतीश शाह के निधन के बाद इंडस्ट्री में उन्हें मरणोपरांत पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित करने की मांग उठी है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपील की है कि दिवंगत अभिनेता को उनकी कलात्मक उत्कृष्टता और भारतीय मनोरंजन जगत में असाधारण योगदान के लिए पद्मश्री (मरणोपरांत) प्रदान किया जाए।
फेडरेशन ने अपने पत्र में लिखा है कि यह सम्मान अभिनेता के भारतीय सिनेमा और टेलीविजन में अतुलनीय योगदान को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। FWICE ने कहा कि सतीश शाह न केवल एक बेहतरीन अभिनेता थे बल्कि एक दयालु और विनम्र इंसान भी थे, जिन्होंने हमेशा इंडस्ट्री के कलाकारों और तकनीशियनों के कल्याण के लिए काम किया।
एक रेयर और गिफ्टेड कलाकार
FWICE द्वारा प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि आदरणीय मोदीजी, हम विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं कि स्वर्गीय श्री सतीश शाह को पद्मश्री पुरस्कार (मरणोपरांत) प्रदान किया जाए। वे एक रेयर और गिफ्टेड कलाकार थे, जिन्होंने अपनी अदाकारी से करोड़ों लोगों के जीवन में खुशी, हंसी और भावनाओं का रंग भरा।
सम्बंधित ख़बरें
‘आपातकाल संविधान पर सीधा हमला था’, कंगना रनौत के वायरल पोस्ट ने छेड़ी इमरजेंसी पर बहस
‘मिर्जापुर द मूवी’ का धमाकेदार टीजर रिलीज, कालीन भैया और गुड्डू पंडित की दुनिया अब बड़े पर्दे पर मचाएगी भौकाल
‘वेलकम टू द जंगल’ की एडवांस बुकिंग शुरू, रिलीज से पहले दिखा जबरदस्त क्रेज, जानें कितनी बिकीं टिकटें
कॉकटेल 2 बॉक्स ऑफिस पर का जलवा बरकरार, मां इंटी बंगारम से निकली आगे, जानें मैं वापस आऊंगा और पेद्दी का हाल
इंडस्ट्री के प्रति निस्वार्थ सेवा
पत्र में उनके प्रतिष्ठित टीवी शो और फिल्मों का भी उल्लेख किया गया है कि जैसे ‘ये जो है ज़िंदगी’, ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’, ‘जाने भी दो यारो’ और ‘मैं हूं ना’, जिन्होंने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। FWICE ने सतीश शाह की उदारता और सामाजिक योगदान का भी जिक्र किया। उन्होंने FWICE की कई कल्याणकारी पहलों को समर्थन दिया और इंडस्ट्री में काम करने वाले वर्कर्स के हितों के लिए हमेशा खड़े रहे। उनका जाना फिल्म बिरादरी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
74 वर्ष की आयु में सतीश शाह का निधन
फेडरेशन ने आगे कहा कि उन्हें पद्मश्री से सम्मानित करना केवल एक अभिनेता को नहीं, बल्कि उस इंसान को श्रद्धांजलि देना होगा जिसने चार दशकों से अधिक समय तक भारत को मुस्कुराया। 74 वर्षीय सतीश शाह का हाल ही में किडनी की बीमारी के चलते मुंबई में निधन हो गया। इस वर्ष की शुरुआत में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, लेकिन कुछ हफ्तों से उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। उनके निधन से सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
