आदित्य धर और रणवीर सिंह (फोटो- सोशल मीडिया)
Dhurandhar 2 Controversy: फिल्म ‘धुरंधर 2’ की जबरदस्त सफलता के बीच अब एक नया विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर फिल्म के एक किरदार ‘जसकीरत’ से जुड़ी कथित तस्वीर वायरल होने के बाद निर्देशक आदित्य धर ने फेक कंटेंट बनाने वालों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा है कि एआई के जरिए बनाए जा रहे भ्रामक विजुअल्स न सिर्फ फिल्म की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी फैला रहे हैं।
डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का बढ़ता इस्तेमाल अब मनोरंजन इंडस्ट्री के लिए भी चुनौती बनता जा रहा है। हाल ही में सोशल मीडिया पर रणवीर सिंह के किरदार ‘हमजा’ उर्फ ‘जसकीरत’ की एक तस्वीर वायरल हुई, जिसमें उन्हें पगड़ी पहनकर स्मोकिंग करते दिखाया गया। इस तस्वीर ने देखते ही देखते विवाद खड़ा कर दिया। आदित्य धर ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर करते हुए इस तस्वीर को पूरी तरह फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फिल्म के ऑफिशियल कंटेंट से छेड़छाड़ कर एआई की मदद से गलत विजुअल्स तैयार कर रहे हैं।
अपने बयान में निर्देशक ने सबसे पहले दर्शकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि फिल्म को देश और विदेश में शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन कुछ लोग इस सकारात्मक माहौल को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल हो रही तस्वीर फिल्म के किसी भी आधिकारिक प्रमोशनल मैटेरियल का हिस्सा नहीं है। ऐसे एडिटेड विजुअल्स का उद्देश्य सिर्फ भ्रम फैलाना है।
आदित्य धर ने इसे एक सोची-समझी साजिश बताया। उनके मुताबिक, इस तरह के फेक कंटेंट जानबूझकर बनाए जा रहे हैं ताकि लोगों की भावनाएं भड़काई जा सकें और फिल्म को विवादों में घेरा जा सके। उन्होंने कहा कि फिल्म के हर सीन और किरदार को बेहद संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पेश किया गया है, इसलिए इस तरह की गलत तस्वीरें सच्चाई से कोसों दूर हैं।
ये भी पढ़ें- कियारा आडवाणी, कृति सेनन से शहनाज गिल तक, स्टाइलिश लुक्स ने इवेंट में बटोरी सुर्खियां
निर्देशक ने दर्शकों से अपील की कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही किसी भी संदिग्ध सामग्री से सावधान रहें। इसके साथ ही आदित्य धर ने साफ चेतावनी दी कि फर्जी कंटेंट बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। यह मामला एक बार फिर इस बात को उजागर करता है कि डिजिटल युग में जानकारी को परखना कितना जरूरी हो गया है।