Box Office Report: रणवीर सिंह की धुरंधर के आगे फीकी पड़ी किस किसको प्यार करूं 2, जानें अखंडा 2 का हाल

Dhurandhar Box Office: बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर का दबदबा बरकरार है। किस किसको प्यार करूं 2 की शुरुआत कमजोर रही। वहीं नंदमुरी बालकृष्ण की अखंडा 2 ने दमदार ओपनिंग करते हुए पहले दिन 30 करोड़ का आंकड़ा छुआ।
Kis Kisko Pyaar Karoon 2 pales in comparison to Ranveer Singh Dhurandhar
रणवीर सिंह की धुरंधर के आगे फीकी पड़ी किस किसको प्यार करूं 2
Published on: 
Updated on: 

Box Office Today Collection: बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का दबदबा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। फिल्म ने महज़ एक हफ्ते में 200 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है और नई रिलीज़ फिल्मों के बावजूद इसकी रफ्तार थमती नजर नहीं आ रही। इस शुक्रवार सिनेमाघरों में ‘किस किसको प्यार करूं 2’, ‘अखंडा 2’ और ‘शोले: द फाइनल कट’ जैसी फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन इनका असर ‘धुरंधर’ के कलेक्शन पर खास नहीं पड़ा।

किस किसको प्यार करूं 2 की धीमी शुरुआत

कॉमेडियन कपिल शर्मा की वापसी फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ से हुई है। फिल्म को लेकर दर्शकों में हल्की उत्सुकता जरूर थी, लेकिन ओपनिंग कुछ खास नहीं रही। पहले दिन फिल्म ने 1.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। माना जा रहा है कि रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ और ‘अखंडा 2’ जैसी बड़ी फिल्मों की मौजूदगी में फिल्म की शुरुआत प्रभावित हुई है।

अखंडा 2 का कलेक्शन

नंदमुरी बालकृष्ण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अखंडा 2’ ने रिलीज़ के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जोरदार एंट्री मारी है। फिल्म ने पहले दिन 22 करोड़ रुपये की कमाई की है। खास बात यह है कि गुरुवार को हुए पेड प्रिव्यू में ही फिल्म ने 8 करोड़ रुपये कमा लिए थे। इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन रिलीज के साथ ही 30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो इसकी बड़ी सफलता की ओर इशारा करता है।

शोले: द फाइनल कट और तेरे इश्क में की कमाई

‘शोले’ के 50 साल पूरे होने पर रिलीज किया गया ‘शोले: द फाइनल कट’ दर्शकों को खास आकर्षित नहीं कर पाया। नए सीन और धर्मेंद्र को ट्रिब्यूट होने के बावजूद फिल्म ने पहले दिन सिर्फ 30 लाख रुपये का कलेक्शन किया है। वहीं धनुष और कृति सेनन की ‘तेरे इश्क में’ भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने 15वें दिन 1 करोड़ रुपये की कमाई की है और इसका कुल कलेक्शन अब 109.80 करोड़ रुपये हो गया है।

धुरंधर का धमाकेदार कलेक्शन

नई फिल्मों की भीड़ के बीच ‘धुरंधर’ ने शुक्रवार को अपने आठवें दिन भी 32 करोड़ रुपये की दमदार कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 239.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और यह जल्द ही 250 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है। कुल मिलाकर, नई रिलीज फिल्मों के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर फिलहाल रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ का ही दबदबा कायम नजर आ रहा है।