ए आर रहमान की म्यूजिकल फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ के रिलीज डेट से उठा पर्दा, जानिए क्यों है ये खास

AR Rahman: ए आर रहमान ने हाल ही में अपनी म्यूजिकल फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ के रिलीज डेट से पर्दा उठा दिया है। साथ ही इस फिल्म में कोई डायलॉग नहीं है। ऐसे में चलिए जानते हैं कब रिलीज होगी।
ए आर रहमान की म्यूजिकल फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ के रिलीज डेट से उठा पर्दा, जानिए क्यों है ये खास
ए आर रहमान (फोटो-सोर्स,सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Uff Yeh Siyapaa Film: भारतीय संगीत के जादूगर ए आर रहमान हमेशा से अपने अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस बार वे एक ऐसी फिल्म लेकर आ रहे हैं, जो अब तक की पारंपरिक फिल्मों से बिल्कुल अलग है। रहमान की आने वाली फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ एक म्यूजिकल ड्रामा है, जिसमें कोई डायलॉग नहीं होगा। यह फिल्म पूरी तरह संगीत और भावनाओं के जरिए दर्शकों तक अपनी कहानी पहुंचाएगी।

मीडिया से बातचीत में ए आर रहमान ने कहा कि इस फिल्म पर काम करना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने बताया, “जब डायरेक्टर अशोक ने मुझे कहानी सुनाई तो मुझे तुरंत लगा कि ये एक अलग तरह का प्रोजेक्ट है। बिना डायलॉग वाली फिल्म में म्यूजिक ही सबसे बड़ा किरदार होता है। हर संगीतकार का सपना होता है कि उसे ऐसी फिल्म पर काम करने का मौका मिले।”

रहमान ने बताया कि इस फिल्म का म्यूजिक तैयार करना उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि जब उनसे इसके गानों और बैकग्राउंड स्कोर की मांग की गई तो उन्हें किसी तरह का ब्रीफ नहीं दिया गया था। यानी कहानी का भी कोई हिंट नहीं था। ऐसे में उन्हें अपनी कल्पना और भावनाओं के आधार पर संगीत रचना पड़ा। यही वजह है कि ‘उफ्फ ये सियापा’ का म्यूजिक बाकी फिल्मों से बिल्कुल अलग और प्रयोगधर्मी होगा।

ए आर रहमान का वर्क स्टाइल

अपने बिजी शेड्यूल पर बात करते हुए रहमान ने बताया कि वो दिन-रात नए ट्यून पर काम करते रहते हैं। किसी भी डायरेक्टर को वो कई म्यूजिक सैंपल्स भेजते हैं, जिनमें से कुछ ही चुने जाते हैं। उन्होंने कहा कि बहुत कम ऐसा होता है कि पहली ही बार में कोई धुन फाइनल हो जाए।

फिल्म की स्टारकास्ट और रिलीज डेट

‘उफ्फ ये सियापा’ में एक्टर सोहम शाह और एक्ट्रेस नुसरत भरूचा के अलावा नोरा फतेही मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म को लव फिल्म्स के बैनर तले बनाया गया है और इसे लव रंजन व अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। दर्शक इस म्यूजिकल फिल्म का आनंद 5 सितंबर 2025 से सिनेमाघरों में उठा सकेंगे। बता दें, यह फिल्म हिंदी सिनेमा की उन गिनी-चुनी फिल्मों में से होगी, जिसमें संवाद बिल्कुल नहीं होंगे। पूरी कहानी को भावनाओं और ए आर रहमान के संगीत के जरिए बयां किया जाएगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com