शिक्षक दिवस पर PM नरेंद्र मोदी आज SRCC के शताब्दी समारोह में होंगे शामिल, देश के छात्रों को करेंगे संबोधित

PM Modi SRCC Event: PM नरेंद्र मोदी 5 सितंबर को SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे और संबोधित करेंगे। शिक्षक दिवस पर होने वाला यह आयोजन कॉलेज की 100 साल की शैक्षणिक यात्रा को रेखांकित करेगा।
PM Modi SRCC Centenary Celebration
PM नरेंद्र मोदीफोटो सोर्स- IANS
Published on
Updated on

PM Modi SRCC Centenary Celebration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी 5 सितंबर को नई दिल्ली स्थित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन शिक्षक दिवस के अवसर पर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री शाम 7 बजे समारोह में मौजूद लोगों को संबोधित भी करेंगे।

दिल्ली विश्वविद्यालय का श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल है। वाणिज्य, अर्थशास्त्र और प्रबंधन के क्षेत्र में इसकी अलग पहचान है। कॉलेज की स्थापना वर्ष 1926 में प्रख्यात उद्योगपति और समाजसेवी सर श्री राम ने की थी।

100 साल में तैयार कीं कई पीढ़ियां

SRCC ने अपनी करीब एक सदी लंबी यात्रा में देश को विद्वानों, पेशेवरों, प्रशासकों, उद्यमियों, नीति-निर्माताओं और राष्ट्र-निर्माताओं की कई पीढ़ियां दी हैं। अपनी अकादमिक उत्कृष्टता और प्रतिष्ठा के चलते कॉलेज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभाशाली छात्रों को आकर्षित करता है।

शताब्दी समारोह का आयोजन शिक्षक दिवस के मौके पर होना इसे और खास बनाता है। शिक्षक दिवस पर देश शिक्षकों और शिक्षाविदों के योगदान को याद करता है और इस बात को रेखांकित करता है कि वे नई पीढ़ियों के निर्माण के साथ समाज की मजबूत नींव तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

वाणिज्य और अर्थशास्त्र में कई पाठ्यक्रम

श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर वाणिज्य और अर्थशास्त्र की पढ़ाई कराता है। यहां दिल्ली विश्वविद्यालय के तहत बी.कॉम (ऑनर्स), बीए (ऑनर्स) अर्थशास्त्र, एम.कॉम और एमए (अर्थशास्त्र) जैसे पाठ्यक्रम संचालित होते हैं।

इसके अलावा कॉलेज अंतरराष्ट्रीय व्यापार में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए ग्लोबल बिजनेस ऑपरेशंस में दो वर्षीय पूर्णकालिक स्नातकोत्तर डिप्लोमा भी प्रदान करता है।

PM Modi SRCC Centenary Celebration
5 सितंबर का इतिहास: 5 सितंबर को क्यों मनाया जाता है शिक्षक दिवस? जानिए डॉ. राधाकृष्णन से जुड़ी खास बातें

राष्ट्रीय कॉर्पोरेट गवर्नेंस सेंटर का दर्जा

SRCC को नई दिल्ली स्थित नेशनल फाउंडेशन फॉर कॉरपोरेट गवर्नेंस की ओर से राष्ट्रीय कॉर्पोरेट गवर्नेंस सेंटर का दर्जा भी प्राप्त है। कॉलेज के अनुसार, दिल्ली विश्वविद्यालय में यह दर्जा पाने वाला SRCC एकमात्र कॉलेज है।

पढ़ाई के साथ प्लेसमेंट में भी मजबूत रिकॉर्ड

कॉलेज अपनी उत्कृष्ट शैक्षणिक क्षमता, बेहतर बुनियादी ढांचे और अनुभवी शिक्षकों के लिए जाना जाता है। SRCC के कई शिक्षक लेखक और शोधकर्ता भी हैं, जिनके अकादमिक कार्यों को देश-विदेश के विद्वानों द्वारा पढ़ा जाता है।

कॉलेज के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में यहां से स्नातक करने वाले छात्रों ने दिल्ली विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है। कई छात्रों को प्रतिष्ठित छात्रवृत्तियों के जरिए देश-विदेश के नामी विश्वविद्यालयों में आगे की पढ़ाई के अवसर मिले हैं। वहीं, कुछ छात्रों को विश्वविद्यालय के नतीजे घोषित होने से पहले ही कैंपस प्लेसमेंट के जरिए नौकरी के प्रस्ताव भी मिल जाते हैं। ऐसे में SRCC के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित शताब्दी समारोह शिक्षा, अकादमिक उत्कृष्टता और संस्थान की विरासत का जश्न मनाने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम होगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com