

Thailand International Shopping Carnival: चंद्रपुर शहर के पुलिस ग्राउंड में शुक्रवार से ‘थाईलैंड इंटरनेशनल शॉपिंग कार्निवल’ नाम से व्यापार मेले का आयोजन शुरू किया गया है। आयोजकों की ओर से इसे ‘भारत का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला’ और चंद्रपुर में पहली बार आयोजित होने वाला मेला बताया जा रहा है। लेकिन मेले की शुरुआत के साथ ही इसकी अग्निसुरक्षा और आवश्यक अनुमतियों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मेले के लिए महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग से आवश्यक अनुमति और सुरक्षा प्रमाणपत्र की प्रक्रिया पूरी हुई है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। ऐसे में हजारों लोगों की संभावित भीड़ वाले इस आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की निगरानी जरूरी हो गई है।
मेले में अस्थायी शामियाने के साथ विद्युत व्यवस्था, आपातकालीन निकास, अग्निशमन उपकरण और भीड़ नियंत्रण जैसी व्यवस्थाएं महत्वपूर्ण हैं। इसके अलावा फर्नीचर, इंटीरियर तथा अन्य ज्वलनशील सामग्री रखे जाने के कारण आग से सुरक्षा का मुद्दा और गंभीर हो जाता है। आयोजकों ने मेले के लिए आवेदन किया था, लेकिन शामियाना खड़ा करते समय अग्निशमन विभाग को सूचना नहीं दी गई। शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया तो कई खामियां सामने आईं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित सुरक्षा मानकों को पूरा किए बिना अनुमति नहीं दी जाएगी।
व्यापार मेले के लिए शहर के बड़े पुलिस ग्राउंड का लगभग पूरा परिसर इस्तेमाल किया जा रहा है। मैदान की साफ-सफाई की जिम्मेदारी महानगरपालिका ने संभाली है। इसके बदले आयोजकों से सिर्फ 500 रुपए प्रतिदिन शुल्क लिया जा रहा है। मनपा के उपायुक्त (जोन क्रमांक-1) सचिन माकोड़े के अनुसार, मैदान की स्वच्छता की व्यवस्था मनपा की ओर से की जा रही है। इतने बड़े आयोजन के लिए मैदान के उपयोग और मनपा की भूमिका को लेकर भी अब सवाल उठ रहे हैं।
मेले में बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अग्निशमन अनुमति, अस्थायी बिजली व्यवस्था, आपातकालीन निकास मार्ग, अग्निशमन उपकरण और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की तत्काल जांच जरूरी है। नागरिकों का कहना है कि आयोजक यदि मेले को ‘अंतरराष्ट्रीय’ स्तर का बता रहे हैं तो सभी सरकारी अनुमतियां और सुरक्षा मानकों का पालन भी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट होना चाहिए।
बड़ा सवाल यही है-‘अंतरराष्ट्रीय’ व्यापार मेले की शुरुआत ही अगर सुरक्षा अनुमति के सवाल से हो रही है, तो नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
चंद्रपुर मनपा अग्निशमन विभाग प्रमुख राहुल पंचबुद्धे ने कहा कि “आयोजकों ने मेले के लिए आवेदन किया था, लेकिन शामियाना खड़ा करते समय विभाग को सूचित नहीं किया गया। शुक्रवार की जांच में कई खामियां मिली हैं। अग्निशमन विभाग के मानकों के अनुसार व्यवस्था पूरी होने तक अनुमति नहीं दी जाएगी। नागरिकों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।”