दिल्ली ब्लास्ट साजिश: 2 साल से विस्फोटक जमा कर रही थी JeM कमांडर डॉ. शाहीन, पूछताछ में कबूला

Delhi Blast Update: जैश-ए-मोहम्मद (JeM) की महिला कमांडर डॉ. शाहीन शाहिद ने पूछताछ में कबूल किया है कि वह और उसके साथी दो साल से देश में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे।
delhi bomb blast
2 साल से विस्फोटक जमा कर रही थी JeM कमांडर डॉ. शाहीन, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Delhi Terror Attack: देश की राजधानी दिल्ली में सोमवार को हुए ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत हुई और 24 लोग घायल हुए हैं। इस घातक हमले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने ब्लास्ट से पहले ही JeM की महिला कमांडर डॉ. शाहीन शाहिद को गिरफ्तार कर लिया था, जिसने पूछताछ में आतंकी साजिश की बात कबूल की है।

सोमवार शाम करीब 6.52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुए ब्लास्ट में सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। भारत में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) की महिला कमान संभालने वाली डॉ. शाहीन शाहिद ने जांच एजेंसियों के सामने कबूल किया है कि वह और उसके साथी डॉक्टर पिछले लगभग दो साल से विस्फोटक जमा कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार, उनका मकसद भारत में बड़े आतंकी हमलों को अंजाम देने की साजिश रचना था।

अमोनियम नाइट्रेट जमा कर रहे थे साजिशकर्ता

डॉ. शाहीन ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने साथियों मुजम्मिल और आदिल के साथ मिलकर अमोनियम नाइट्रेट (Ammonium Nitrate) जैसे विस्फोटक इकट्ठा कर रही थी। यह पूरा काम आतंकवादी संगठन जैश-ए-मुहम्मद (JeM) के इशारों पर किया जा रहा था। पूछताछ में शाहीन ने यह भी बताया कि जब भी उसकी मुलाकात डॉ. उमर से होती थी, तो वह पूरे जोश के साथ कहता था कि उन्हें पूरे देश में कई आतंकी हमले करने हैं। सुरक्षा एजेंसियां लगातार शाहीन शाहिद से पूछताछ कर रही हैं, और माना जा रहा है कि दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।

CCTV फुटेज और i20 कार की पहचान

लाल किला ब्लास्ट में जिस सफेद i20 कार का इस्तेमाल किया गया था, उसका सीसीटीवी फुटेज भी जांच एजेंसियों के सामने आ चुका है। फुटेज में यह कार मेट्रो स्टेशन की पार्किंग से निकलती दिख रही है, जिसमें काले रंग का मास्क पहने एक शख्स बैठा है। ऐसा कहा जा रहा है कि यह शख्स कश्मीर का रहने वाला उमरनबी था। जांच एजेंसियों ने इस साजिश के सिलसिले में मुफ्ती इरफान को भी गिरफ्तार किया है।

फरीदाबाद की यूनिवर्सिटी के डॉक्टर हिरासत में

इस आतंकी साजिश के तार फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़ने के बाद यह यूनिवर्सिटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गई है। सुरक्षा एजेंसियों ने गहन पूछताछ के लिए इस विश्वविद्यालय से 7 डॉक्टरों सहित कुल 13 लोगों को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियां इस बात की भी जांच कर रही हैं कि ब्लास्ट की साजिश रचने वाले डॉक्टरों ने संवाद के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल किया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com