नोएडा:अवैध भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, हरियाणा और नोएडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

Crime news: नोएडा में पुलिस ने अवैध भ्रूण लिंग जांच के धंधे का पर्दाफाश किया है। साथ ही पुलिस ने 5 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों से भ्रूण लिंग जांच के लिए मोटी रकम वसूलते थे।
नोएडा:अवैध भ्रूण लिंग जांच का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार, हरियाणा और नोएडा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
पांच आरोपी गिरफ्तार (सौजन्य सोशल मीडिया)
Updated on

Illegal Sex Determination Racket Busted: हरियाणा के पानीपत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोएडा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-37 की लाल मार्केट स्थित एक क्लिनिक पर छापा मारा। यह कार्रवाई शुक्रवार को हरियाणा पुलिस और नोएडा पुलिस की मौजूदगी में की गई। टीम ने मौके से अवैध भ्रूण लिंग जांच के धंधे का पर्दाफाश करते हुए कई 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, पानीपत से आई चार डॉक्टरों की विशेष टीम ने एक दलाल के जरिये इस पूरे रैकेट तक पहुंच बनाई। टीम को सूचना मिली थी कि "भारत स्कैनिंग सेंटर" के नाम से चल रहा यह क्लिनिक अवैध रूप से भ्रूण लिंग की जांच कर रहा है।

भ्रूण लिंग जांच के लिए वसूली जाती थी मोटी रकम

जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि भ्रूण लिंग की पहचान के लिए मरीजों से मोटी रकम वसूली जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खुलासा किया कि भ्रूण लिंग की जांच कराने के नाम पर 25 हजार रुपये की रकम ली जाती थी। मौके पर दलाल के जरिये फर्जी मरीज को भेजा गया, जिसके बाद पूरी टीम ने जाल बिछाकर डॉक्टर और वहां मौजूद स्टाफ को रंगे हाथ पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान एक महिला डॉक्टर समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।

5 आरोपी गिरफ्तार

टीम के साथ मौजूद डॉ. ललित कुंडू, पीएनडीटी नोडल अधिकारी, पानीपत, ने बताया कि भ्रूण लिंग जांच कानूनन प्रतिबंधित है और इस अवैध धंधे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और आसपास के राज्यों से मरीजों को यहां लाकर जांच की जाती थी।

जांच में जुटी पुलिस

गौरतलब है कि प्री-कंसेप्शन और प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्नीक्स एक्ट के तहत भ्रूण लिंग की जांच पूरी तरह गैरकानूनी है। इस कानून का उल्लंघन करने पर कठोर दंड और सजा का प्रावधान है। फिलहाल गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और स्वास्थ्य विभाग की टीम आगे इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच करेगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com