Nagpur News: वर्चस्व की लड़ाई में बदमाश की हत्या, सिर पर फोड़ी बोतल और सीने में घोंपा चाकू, सक्करदरा की वारदात
सक्करदरा क्षेत्र में शाहू गार्डन के पास कुख्यात बदमाश के सिर पर बोतल फोड़कर और सीने में चाकू घोंपकर उसके ही 3-4 साथियों ने हत्या कर दी। मामूली विवाद और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हत्या होने के बारे में पता चला है।
- Written By: आंचल लोखंडे
वर्चस्व की लड़ाई में बदमाश की हत्या। (सौजन्यः सोशल मीडिय़ा)
नागपुर: सक्करदरा क्षेत्र में शाहू गार्डन के पास कुख्यात बदमाश के सिर पर बोतल फोड़कर और सीने में चाकू घोंपकर उसके ही 3-4 साथियों ने हत्या कर दी। मामूली विवाद और वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हत्या होने के बारे में पता चला है। इस वारदात के बाद परिसर में गैंगवार भड़कने की आशंका व्यक्त की जा रही है। मृतक शाहू गार्डन के पास सोमवारी क्वार्टर निवासी कार्तिक उमेश चौबे (28) कुख्यात बदमाश था।
इस मामले में पुलिस ने मृतक कार्तिक की मां आरती की शिकायत पर मुख्य आरोपी रोशन गायकवाड़ (27) और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि आरोपी रोशन भी आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ कुछ मामले दर्ज हैं। इलाके में चर्चा है कि आरोपियों का हाथ गौरव खडतकर हत्याकांड से जुड़ा है। शेष फरार आरोपियों की खोजबीन जारी है।
आपराधिक प्रवृत्ति का था कार्तिक
प्त जानकारी के अनुसार कार्तिक शादीशुदा था। हालांकि, कुछ महीने पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। कार्तिक आपराधिक प्रवृत्ति का था। सक्करदरा क्षेत्र में उसकी दहशत रहती थी। उसके खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज हैं। उसे 5 साल पहले सक्करदरा क्षेत्र के सोमवारी क्वार्टर इलाके में गौरव खडतकर हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था।
सम्बंधित ख़बरें
यवतमाल: पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
नागपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मोबाइल टावर से चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गैंग गिरफ्तार, 21 लाख की साम्रगी जब्त
नागपुर जिले के कलमेश्वर के लॉजिस्टिक गोदाम में बड़ा हादसा: करंट लगने से 3 मजदूर घायल, दो की हालत गंभीर
पेट्रोल-डीजल और पेपर लीक के खिलाफ नागपुर में युवक कांग्रेस का आंदोलन, वैरायटी चौक पर नारेबाजी
3 महीने पहले ही जेल से आया था बाहर
इस मामले में वह पांच साल तक जेल में रहा। वह तीन महीने पहले ही जेल से बाहर आया। वह पुनः आपराधिक दुनिया में प्रवेश करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका आरोपी रोशन गायकवाड़ (27) से विवाद हो गया। अंततः प्रतिद्वंद्वी गिरोह ने कार्तिक का गेम करने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने कार्तिक के दोस्तों की मदद ली।
महाराष्ट्र की अन्य खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
दोस्त ने की दगाबाजी
जेल से बाहर आने के बाद कार्तिक की आपराधिक गतिविधियां जारी थीं। इमामवाड़ा थाना क्षेत्र में उसने वाहनों की तोड़फोड़ और मारपीट की थी। इस मामले में भी करीब 15 से 20 दिन पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। कार्तिक खुद को डॉन समझता था। वह अपने दोस्तों के साथ भी वैसा ही व्यवहार करता था। शराब पीने के बाद उसका घमंड और भी बढ़ जाता था। इससे उसके दोस्त अक्सर उस पर नाराज होते थे।
सीने और पेट पर किए वार
रविवार को कार्तिक के दो दोस्तों ने उसे शराब पीने के बहाने शाहू गार्डन के पास बुलाया। दोस्त होने के नाते कार्तिक भी शराब पार्टी में चला गया। इस पार्टी में रोशन गायकवाड़ भी था। इस दौरान किसी बात पर कार्तिक का रोशन से झगड़ा हो गया। गुस्से में कार्तिक ने उसके सिर पर शराब की बोतल फोड़ दी, जिससे वह घायल हो गया। इससे रोशन क्रोधित हो गया। उसने और उसके साथियों ने चाकू निकालकर कार्तिक के सीने और पेट पर सपासप वार कर दिए।
हत्या का मामला दर्ज
घटना के दौरान मौजूद कुछ मित्रों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपियों ने कार्तिक को खून से लथपथ हालत में छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सक्करदरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल हुए कार्तिक को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में सक्करदरा पुलिस ने रोशन और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
अपराध जगत की खबरें पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…
दोस्तों पर झाड़ता था रौब
बताया जा रहा है कि कार्तिक पर करीब 8 से 10 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। जबकि रोशन और उसके मित्रों पर 3 से 4 प्रकरण दर्ज हैं, इसलिए कार्तिक, रोशन और उसके मित्रों पर रौब झाड़ता था। वह परिसर में अपना वर्चस्व कायम रखने के लिए उन्हें डराते-धमकाते रहता था।
गैंगवार भड़कने की आशंका
कार्तिक अपनी मां आरती (55) के साथ रहता था। आरती होम पेशंट देखने का काम करती है। बताया जाता है कि घटना की रात वह एक मरीज की देखभाल के लिए गई हुई थीं। रात करीब 12:50 बजे उन्हें पड़ोस में रहने वाले एक युवक से फोन पर बेटे के घायल होने की खबर मिली। घबराई हुई कार्तिक की मां जब मेडिकल अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टरों ने कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। जब उन्होंने अपने बेटे के शव को देखा, तो उसके पेट और सीने पर गहरे घाव थे।
फरार साथियों की तलाश जारी
वारदात के बाद कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा। घटना का पता चलते ही मेडिकल और उसके निवास के पास आपराधिक तत्वों का जमावड़ा लगा गया था। इस मामले में प्रकरण दर्ज कर आरोपी रोशन को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके फरार साथियों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद परिसर में गैंगवार भड़कने की आशंका व्यक्त की जा रही है। वरिष्ठ निरीक्षक अनिल ताकसांडे के मार्गदर्शन में मामले की जांच-पड़ताल जारी है।
गौरव के मर्डर का बदला!
कार्तिक और उसके साथियों ने 22 जून 2020 को गौरव खडतकर नामक युवक की लकड़ी के रैप्टर, पत्थर और फर्श से सिर पर वार करके हत्या कर दी थी। कार्तिक का उससे पुराना विवाद था। गौरव की भी हत्या शाहू गार्डन के पास कर दी गई थी। कार्तिक की भी हत्या उसी स्थान पर की गई थी। इसके आधार पर गौरव खडतकर हत्याकांड के आरोपियों ने बदला लेने की चर्चा चल रही है।
