अफसरों ने CM के नाम से जुड़ी तीर्थ यात्रा योजना को भी नहीं छोड़ा, यात्रियों की हालत भिखारियों से भी बदतर

CG Viral Video: मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तीर्थ यात्रा पर गए यात्रियों का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें बुजुर्ग अफसरों की लापरवाही का खुलासा करते हुए अपना दर्द बयां कर रहे हैं।
Chhattisgarh Mukyamantri Tirth Yatra Yojana, CG News
बुजुर्गों का दर्द आया सामने(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत सोमनाथ दर्शन के लिए गए बुजुर्गों ने सीएम से लगाई गुहार।

  • सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में यात्रियों का छलका दर्द।

  • आरोप है कि यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं तक के लिए संघर्ष करना पड़ा।

  • सामने आए वीडियो ने सरकारी विभाग में मचाई खलबली।

Chhattisgarh Mukhyamantri Tirth Yatra Yojana: भगवान सोमनाथ के दर्शन की आस लेकर घरों से निकले छत्तीसगढ़ के बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा का अनुभव खुशियों के बजाय परेशानी का सबब बनता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत धार्मिक यात्रा पर गए बुजुर्गों ने सरकारी व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में यात्रियों का दर्द साफ सुनाई दे रहा है। उनका आरोप है कि यात्रा के नाम पर उन्हें बुनियादी सुविधाओं तक के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

बदइंतजामी का साया, बुजुर्गों को समय पर नहीं मिला खाना

बुजुर्गों की शिकायत है कि यात्रा के दौरान न तो समय पर भोजन मिल रहा है और न ही आराम करने के लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं। हालात ऐसे हैं कि कई घंटे तक सड़क पर बैठकर इंतजार करना पड़ रहा है। उम्र के इस पड़ाव में जहां यात्रियों को सहारे और सुविधाओं की जरूरत है वहीं उन्हें खुले में बैठकर समय गुजारना पड़ रहा है।

ठहरने के लिए उपलब्ध कराए स्थान में भारी गंदगी

यात्रियों ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि खाने की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। मजबूरी में जैसा भोजन मिल रहा है उसी से काम चलाना पड़ रहा है। ठहरने के लिए उपलब्ध कराए गए स्थानों की साफ-सफाई पर भी उन्होंने नाराजगी जताई है। यात्रियों के मुताबिक आसपास फैली गंदगी देखकर ऐसा लगता है कि स्वच्छता पर कोई ध्यान ही नहीं दिया गया।

Chhattisgarh Mukyamantri Tirth Yatra Yojana, CG News
धमतरी में थाना प्रभारी का वर्दी में रौब, बोले- मैं गाली दे सकता हूं, SP ने दिए जांच के निर्देश

वीडियो में भिखारियों से भी बदतर स्थिति

वीडियो में कुछ बुजुर्ग अपनी स्थिति को भिखारियों से भी बदतर बताते हुए व्यवस्था के प्रति गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि यात्रियों की समस्याओं को सुनने और समाधान कराने के लिए जिम्मेदार कोच प्रभारी भी मौके पर मौजूद नहीं हैं। ऐसे में बुजुर्ग अपनी परेशानियां लेकर आखिर किसके पास जाएं, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना का मकसद बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का दर्शन कराना है। लेकिन सोमनाथ यात्रा से सामने आए इन आरोपों ने योजना के संचालन और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Chhattisgarh Mukyamantri Tirth Yatra Yojana, CG News
कोयला लेवी घोटाले में IAS जयप्रकाश मौर्य की मुश्किलें बढ़ीं, जमानत पर बिलासपुर हाईकोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब

जब सरकार बुजुर्गों को धार्मिक यात्रा कराने की जिम्मेदारी उठाती है, तो उनके भोजन, आवास, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की जवाबदेही किसकी है? क्या यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थाओं का आकलन नहीं किया गया था? फिलहाल वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों पर संबंधित विभाग का पक्ष सामने आना बाकी है।