

नगरी थाना प्रभारी चक्रधर बाघ का वीडियो वायरल।
कार्यकर्ताओं से गाली-गलौज का आरोप।
वीडियो में बोले- मैं गाली दे सकता हूं।
ईसाई प्रार्थना सभा को लेकर थाने पहुंचे थे कार्यकर्ता।
वायरल वीडियो पर धमतरी एसपी ने दिए जांच के निर्देश।
Dhamtari Nagri TI Video Viral : धमतरी जिले के नगरी थाना प्रभारी चक्रधर बाघ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में थाना प्रभारी पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ गाली-गलौज करने का आरोप है। आपत्ति जताए जाने पर उन्हें यह कहते सुना जा रहा है कि मैं गाली दे सकता हूं। मामला सामने आने के बाद धमतरी एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं।
पूरा घटनाक्रम 22 नवंबर का बताया जा रहा है। नगरी थाना क्षेत्र में आयोजित ईसाई प्रार्थना सभा को लेकर हिंदू संगठन के कुछ कार्यकर्ता अपनी आपत्ति दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान थाना प्रभारी और कार्यकर्ताओं के बीच बातचीत के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थना सभा को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता पुलिस से शिकायत और अपनी आपत्ति दर्ज कराने पहुंचे थे। इसी दौरान थाना प्रभारी के साथ उनकी बातचीत हुई। वायरल वीडियो में बातचीत के दौरान तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। कार्यकर्ताओं द्वारा भाषा पर आपत्ति जताने के बाद थाना प्रभारी के बयान को लेकर विवाद बढ़ गया।
वीडियो में मौजूद एक अन्य पुलिस कर्मचारी यह कहते सुनाई दे रहा है कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रार्थना सभाओं को सुरक्षा देना पुलिस की जिम्मेदारी है। हालांकि थाना प्रभारी के व्यवहार को लेकर संगठन के कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए हैं।
मामले के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद धमतरी एसपी भावना पांडे ने घटनाक्रम का संज्ञान लिया है। एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं। वीडियो की सत्यता, मौके पर मौजूद लोगों के बयान और पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
इस घटना के बाद पुलिस के व्यवहार और नागरिकों के साथ संवाद की मर्यादा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल मामले में जांच जारी है और पुलिस विभाग की ओर से जांच के निष्कर्षों के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Story By Jageshwar Sinha