

Former MP Accused Rape Gorakhpur: गोरखपुर के तारामंडल क्षेत्र स्थित एक फाइनेंस कंपनी में काम करने वाली महिला ने पूर्व सांसद पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है।
महिला ने इस संबंध में रामगढ़ताल थाने में प्रार्थना पत्र देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ कैंट अरुण यश की निगरानी में पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच और महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी है।
मामले की जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दिनभर इसकी चर्चा होती रही। अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लोग पूर्व सांसद के नाम को लेकर तरह-तरह के कयास लगाते नजर आए।
कई लोगों ने अपनी पोस्ट और टिप्पणियों में अलग-अलग नामों का जिक्र भी किया। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से संबंधित पूर्व सांसद के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं की पुष्टि नहीं की जा सकती। नवभारत लाइव भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे किसी नाम की पुष्टि नहीं करता है।
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि जिस पूर्व सांसद के खिलाफ महिला ने प्रार्थना पत्र दिया है, उनका नाम सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर मामले से जुड़ी एक फेसबुक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में समाजवादी पार्टी के संतकबीर नगर जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष अलगू प्रसाद चौहान भी पूर्व सांसद का नाम सार्वजनिक करने की मांग करते दिखाई दिए।
दूसरी तरफ गोरखपुर पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया है कि संबंधित मामले में प्रार्थना पत्र देने वाली महिला को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है। महिला का बयान दर्ज होने के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने और पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही आरोपों से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।