

धान खरीदी शुरू होते ही बिरोदा केंद्र शिफ्ट।
रातोंरात बकतरा पहुंचा खरीदी केंद्र।
किसानों ने एसडीएम कार्यालय का घेराव किया।
खराब रास्तों को लेकर जताई नाराजगी।
किसानों ने कहा बिरोदा केंद्र शुरू नहीं हुआ तो धान नहीं बेचेंगे
Chhattisgarh Gobra Nawapara Paddy Procurement : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही अभनपुर ब्लॉक के बिरोदा गांव में खरीदी केंद्र के स्थानांतरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। खरीदी के पहले ही दिन किसान अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनका धान खरीदी केंद्र बिरोदा से बकतरा स्थानांतरित कर दिया गया है।
अचानक हुए इस फैसले से नाराज किसानों ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। किसानों ने साफ कहा कि वे बकतरा में अपना धान नहीं बेचेंगे।
किसानों का आरोप है कि केंद्र स्थानांतरित करने से पहले न तो उन्हें कोई सूचना दी गई और न ही उनकी राय ली गई। खरीदी शुरू होने के दिन ही इस बदलाव की जानकारी मिलने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों का कहना है कि जब बिरोदा में धान खरीदी केंद्र की व्यवस्था तैयार करने में उन्होंने अपना श्रम और पैसा लगाया था, तो फिर बिना जानकारी और सहमति के केंद्र दूसरी जगह क्यों भेज दिया गया?
किसानों ने बकतरा तक पहुंचने वाले मार्गों की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को खराब रास्तों से ले जाना काफी मुश्किल होगा। इससे परिवहन का खर्च बढ़ेगा और समय भी अधिक लगेगा। साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी। किसानों का सवाल है कि जब धान खरीदी व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को सुविधा देना है, तो केंद्र का स्थानांतरण करते समय उनकी वास्तविक परेशानियों का आकलन क्यों नहीं किया गया?
इस पूरे मामले में किसानों ने स्थानीय विधायक इंद्र कुमार साहू पर भी पक्षपात का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि केंद्र स्थानांतरण के फैसले में बिरोदा के किसानों की सुविधा और समस्याओं को नजरअंदाज किया गया है। हालांकि इस संबंध में विधायक या प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।
एसडीएम कार्यालय में विरोध के दौरान किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक बिरोदा में धान खरीदी केंद्र दोबारा शुरू नहीं किया जाता, वे बकतरा में अपनी उपज नहीं बेचेंगे। अब किसानों के इस विरोध के बाद प्रशासन के सामने केंद्र को लेकर विवाद सुलझाने की चुनौती है।
धान खरीदी के पहले ही दिन केंद्र स्थानांतरण को लेकर किसानों का सड़क पर उतरना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की मांग पर क्या निर्णय लेता है और बिरोदा में खरीदी केंद्र फिर से शुरू करने को लेकर कोई पहल होती है या नहीं।