

बोड़तरा में प्रस्तावित स्टील प्लांट के खिलाफ ग्रामीणों ने चलाया महा-हस्ताक्षर अभियान।
27 नवंबर की जनसुनवाई में 99 प्रतिशत से अधिक ग्रामीणों के विरोध का दावा।
केंद्र सरकार और CECB से परियोजना निरस्त करने की मांग।
ग्राम सभा NOC में फर्जी हस्ताक्षर का आरोप, स्वतंत्र जांच की मांग।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मिले ग्रामीण, आंदोलन में शामिल होने का दिया न्योता।
Balodabazar Bodtra Steel Plant Protest : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में प्रस्तावित स्टील प्लांट को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। ग्राम बोड़तरा, मजगांव और बोरसी की सीमा पर प्रस्तावित मेसर्स श्री ईश्वर मेटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड के स्पंज आयरन एवं स्टील प्लांट के खिलाफ अब ग्रामीणों ने महा-हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है।
किसानों, युवाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर केंद्र सरकार के पर्यावरण मंत्रालय और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CECB) को आपत्ति पत्र भेजने की तैयारी की है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रस्तावित परियोजना को निरस्त किया जाए और कंपनी को पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं दी जाए।
यह विरोध 27 नवंबर को आयोजित पर्यावरणीय जनसुनवाई के बाद और तेज हुआ है। ग्रामीणों का दावा है कि जनसुनवाई में मौजूद 99 प्रतिशत से अधिक लोगों ने स्टील प्लांट का विरोध किया था। उनका आरोप है कि क्षेत्र के लोगों की आपत्तियों और विरोध के बावजूद परियोजना को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।
इसी के विरोध में बोड़तरा में हस्ताक्षर अभियान चलाकर हिंदी और अंग्रेजी में आपत्ति-सह-मांग पत्र तैयार किए गए हैं। इन पत्रों पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर परियोजना के प्रति अपनी असहमति दर्ज कराई है।
ग्रामीणों का कहना है कि 27 नवंबर की जनसुनवाई में टेंट के भीतर और बाहर मौजूद लोगों ने एकजुट होकर प्रस्तावित उद्योग का विरोध किया। ग्रामीणों ने जनसुनवाई की पूरी प्रक्रिया और उसमें दर्ज आपत्तियों की निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जनसुनवाई में सामने आए व्यापक विरोध को देखते हुए इसे नियमानुसार असफल घोषित किया जाना चाहिए।
हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के माध्यम से केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय और CECB से परियोजना की प्रक्रिया रोकने, पर्यावरणीय स्वीकृति नहीं देने और कंपनी के पक्ष में कोई अनुकूल अनुशंसा नहीं भेजने की मांग की गई है।
स्टील प्लांट का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत मजगांव की 21 अगस्त को हुई ग्रामसभा की कथित अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी की परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए इसी NOC का इस्तेमाल किया गया, जबकि दस्तावेज में कुछ युवाओं के फर्जी हस्ताक्षर होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने ग्रामसभा की मूल कार्यवाही सार्वजनिक कराने, हस्ताक्षरों का सत्यापन करने और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दस्तावेजों में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता प्रस्तावित उद्योग से पर्यावरण और आजीविका पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव को लेकर है। उनका कहना है कि परियोजना के आसपास करीब 100 एकड़ चारागाह भूमि, 50 एकड़ वृक्षारोपण क्षेत्र और लगभग 15 एकड़ का निस्तारी बांध मौजूद है। इन संसाधनों पर आसपास के गांवों के पशुपालन, खेती और रोजमर्रा की जरूरतें निर्भर हैं।
ग्रामीणों को आशंका है कि स्पंज आयरन और स्टील प्लांट शुरू होने से वायु एवं जल प्रदूषण बढ़ सकता है। इसका असर खेती, पशुपालन, पेयजल और लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। करीब 10 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र में ग्रामीण स्वच्छ हवा और पानी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
स्टील प्लांट के खिलाफ आंदोलन को व्यापक समर्थन दिलाने के लिए ग्रामीणों ने राजनीतिक स्तर पर भी संपर्क शुरू कर दिया है। आंदोलन से जुड़े विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में बोड़तरा के एक प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित निवास पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच भुनेश्वर शर्मा, टेकराम वर्मा, सिराम यादव और नरेंद्र कुमार ध्रुव शामिल थे। ग्रामीणों ने भूपेश बघेल को प्रस्तावित स्टील प्लांट, 27 नवंबर की जनसुनवाई में हुए विरोध और ग्रामसभा NOC में फर्जी हस्ताक्षरों के आरोपों की जानकारी दी।
साथ ही उन्हें ग्रामीणों के आंदोलन में शामिल होने और इस लड़ाई में सहयोग करने का न्योता दिया। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, भूपेश बघेल ने ग्रामीणों की बात गंभीरता से सुनी और इस विषय पर विचार कर आगे ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।
हस्ताक्षर अभियान में ग्राम पंचायत बोड़तरा के सरपंच आनंद वर्मा, ग्राम पटेल एवं पूर्व सरपंच भुनेश्वर शर्मा, पंच दुर्गा ध्रुव, वासुदेव निर्मलकर, भैयाराम ध्रुव, लुकेश्वर ध्रुव, श्यामसुंदर शर्मा, लखनलाल साहू, जीवनलाल वर्मा, नरेश साहू, महेश कुमार और संतोष ध्रुव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
ग्रामीणों के मुताबिक हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन के साथ जनसुनवाई से संबंधित समाचार पत्रों की प्रतियां भी संलग्न की जा रही हैं। इन दस्तावेजों को स्पीड पोस्ट और व्यक्तिगत रूप से केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय, नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायपुर भेजा जाएगा।