

फर्जी CBI अधिकारी बनकर 13.30 लाख रुपये की साइबर ठगी।
मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाकर महिला को बनाया निशाना।
दो किस्तों में 5.30 और 8 लाख रुपये कराए ट्रांसफर।
आंध्रप्रदेश के कडपा जिले से आरोपी गिरफ्तार।
ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो मोबाइल जब्त।
Chhattisgarh Dhamtari Cyber Fraud : साइबर ठगों ने खुद को CBI अधिकारी बताकर एक महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का डर दिखाया और उससे 13 लाख 30 हजार रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली। मामले में धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच के आधार पर आंध्रप्रदेश के कडपा जिले से आरोपी शेक घोष बासा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कार्रवाई से बचाने और केस रफा-दफा करने का झांसा देकर पीड़िता से दो किस्तों में लाखों रुपये ट्रांसफर कराए थे।
दरअसल ठगी का यह मामला मगरलोड थाना क्षेत्र का है। अगस्त 2025 में पीड़िता के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को CBI अधिकारी बताया और महिला को जानकारी दी कि उसका नाम मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में सामने आया है।
इसके बाद आरोपी ने गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाना शुरू कर दिया। उसने कहा कि यदि वह इस कार्रवाई से बचना चाहती है तो उसे बताई गई रकम जमा करनी होगी।
आरोपी की बातों में आकर पीड़िता ने पहली बार में 5 लाख 30 हजार रुपये और दूसरी बार में 8 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह ठगों ने उससे कुल 13 लाख 30 हजार रुपये की रकम ऐंठ ली।
पीड़िता को उम्मीद थी कि रकम देने के बाद मामला खत्म हो जाएगा, लेकिन आरोपी की पैसों की मांग बंद नहीं हुई। उसने दोबारा और रकम जमा करने का दबाव बनाया। लगातार पैसों की मांग होने पर पीड़िता को अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद उसने मगरलोड थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जांच टीम गठित की गई। साइबर सेल की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की बारीकी से पड़ताल की गई। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस को आरोपी के आंध्रप्रदेश में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस की एक टीम आंध्रप्रदेश रवाना की गई और कडपा जिले से शेक घोष बासा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है। ठगी की रकम से खरीदा गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही ठगी की शेष रकम का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।