

डिपॉजिट-14 में भूस्खलन का मलबा कई किलोमीटर तक फैला।
मलबे से लोहा गांव का मुख्यालय से संपर्क मार्ग बाधित।
जंगल, प्राकृतिक जलस्रोत और पारंपरिक रास्ते भी प्रभावित।
बारिश में दोबारा मलबा खिसकने से आसपास के गांवों पर खतरा।
Bastar Bailadila Landslide : बैलाडीला की पहाड़ियों में हुआ भूस्खलन भले ही अब पुरानी खबर लगने लगा हो, लेकिन इसकी तबाही का असर आज भी जमीन पर मौजूद है। पहाड़ से नीचे उतरा मलबा सिर्फ जंगल और प्राकृतिक जलस्रोतों को ही नहीं निगल रहा, बल्कि अब ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी भी मुश्किल बना रहा है। लोहा गांव का मुख्यालय से संपर्क मार्ग मलबे के कारण बाधित हो गया है।
ग्रामीणों को अब सामान्य आवागमन के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। लेकिन इससे भी बड़ा खतरा आने वाले दिनों में मंडरा रहा है। यदि बारिश के दौरान पहाड़ी पर जमा यह विशाल मलबा दोबारा खिसका तो इसका असर आसपास के गांवों पर कितना भयावह हो सकता है, इसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है।
डिपॉजिट-14 क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद पहाड़ से बहकर आया मलबा कई किलोमीटर तक फैल चुका है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक इसकी चपेट में आने से पारंपरिक रास्ते और जलस्रोत प्रभावित हुए हैं। लोहा गांव के लोगों के लिए मुख्यालय तक पहुंचना पहले की तुलना में कहीं अधिक कठिन हो गया है। सवाल यह है कि जिस विकास और खनन से राष्ट्रीय संपदा बढ़ाने का दावा किया जाता है, उसकी कीमत आखिर स्थानीय ग्रामीण कब तक चुकाते रहेंगे?
भूस्खलन के बाद पहाड़ी पर जमा मलबे का निपटान अब सबसे बड़ा सवाल बनता जा रहा है। स्थानीय स्तर पर चिंता जताई जा रही है कि यदि बारिश में जमा मलबे के बीच पानी का दबाव बढ़ा और उसका बहाव दोबारा तेज हुआ तो नीचे स्थित लोहा गांव और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। पहले ही प्राकृतिक जलधाराओं और जंगलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ चुकी है। ऐसे में बारिश से पहले मलबे की स्थिरता और उसके बहाव को नियंत्रित करने की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है।
यह खतरा केवल आशंका बताकर खारिज नहीं किया जा सकता। मलबे की वास्तविक स्थिति, उसके नीचे की मिट्टी, पानी की निकासी और पहाड़ी की स्थिरता का वैज्ञानिक आकलन जरूरी है। सवाल यह भी है कि क्या ग्रामीणों को किसी संभावित खतरे से निपटने के लिए कोई पूर्व चेतावनी और सुरक्षित निकासी योजना दी गई है?
इस पूरे मामले में अब सबसे बड़ा सवाल NMDC प्रबंधन की भविष्य की कार्ययोजना को लेकर है। भूस्खलन के बाद कंपनी ने IIT बॉम्बे और IIT रुड़की के भू-तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराने की बात कही थी। लेकिन विशेषज्ञों की रिपोर्ट के बाद आगे क्या होगा? क्या पहाड़ से नीचे आए मलबे को सुरक्षित तरीके से हटाया जाएगा?
क्या प्रभावित जलधाराओं और ग्रामीण रास्तों को बहाल किया जाएगा? क्या मलबे को दोबारा खिसकने से रोकने के लिए स्थायी इंजीनियरिंग उपाय किए जाएंगे? या फिर जांच रिपोर्ट, कुछ अस्थायी सुरक्षा इंतजाम और सरकारी विभागों के निरीक्षण के बाद इस विशाल मलबे को उसी हालत में छोड़ दिया जाएगा?
यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मलबा हटाना अपने आप में आसान काम नहीं है। बिना वैज्ञानिक योजना के बड़े पैमाने पर मलबा हटाने से स्थिति और बिगड़ सकती है। इसलिए जरूरी है कि NMDC स्पष्ट करे कि मलबे के निपटान, जल निकासी, ढलान स्थिरीकरण और प्रभावित ग्रामीण संपर्क मार्गों की बहाली के लिए उसकी समयबद्ध योजना क्या है।
भूस्खलन के बाद प्रभावित ग्रामीणों के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ आवागमन की परेशानी है तो दूसरी तरफ बारिश में मलबा फिर खिसकने की आशंका। ऐसे में जिला प्रशासन और NMDC को मिलकर तत्काल सुरक्षित वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही विशेषज्ञों से मलबे की स्थिरता का आकलन कराकर ग्रामीणों को खतरे की वास्तविक स्थिति से अवगत कराना चाहिए।