ICSI में एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के 20 पदों पर भर्ती, B.Com वालों के लिए मौका; 6.51 लाख तक सालाना सैलरी

ICSI Recruitment : इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) ने एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट के 20 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। उम्मीदवार 12 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ICSI has invited applications for 20 Executive Assistant posts. B.Com graduates with three years of experience can apply online until August 12, 2026.
इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (फोटो - गूगल इमेज)
Updated on

ICSI Jobs : इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) ने Executive Assistant के पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के तहत कुल 20 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों की तैनाती नई दिल्ली/नोएडा स्थित मुख्यालय, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, मानेसर स्थित CCGRT, क्षेत्रीय कार्यालयों और देशभर के विभिन्न चैप्टर कार्यालयों में की जा सकती है।

इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 22 जुलाई 2026 से 12 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पात्रता की कट-ऑफ तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। श्रेणीवार रिक्तियों में 8 अनारक्षित (UR), 2 EWS, 5 OBC, 3 SC और 2 ST पद शामिल हैं।

Executive Assistant के 20 पदों पर भर्ती

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीकॉम (B.Com) की डिग्री और संबंधित क्षेत्र में कम से कम 3 वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए। साथ ही कंप्यूटर एप्लिकेशन का अच्छा ज्ञान भी जरूरी है। डिग्री या डिप्लोमा के दौरान की गई अनिवार्य ट्रेनिंग को अनुभव में शामिल नहीं किया जाएगा।

सरकारी, पीएसयू या वैधानिक संस्थानों में कार्यरत अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के समय NOC प्रस्तुत करनी होगी। उम्मीदवार की अधिकतम आयु 35 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल-4 के तहत 25,500 रुपये से 81,100 रुपये तक वेतन मिलेगा। अनुमानित वार्षिक सकल वेतन लगभग 6.51 लाख रुपये होगा।

उम्मीदवार 12 अगस्त तक आवेदन करें

चयन लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा में बेसिक अकाउंटिंग, जनरल इंग्लिश, बेसिक मैथ्स, कंप्यूटर नॉलेज, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, रीजनिंग, जनरल नॉलेज और करेंट अफेयर्स से वस्तुनिष्ठ (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा।

चयनित अभ्यर्थियों को कार्यालय के दैनिक कार्य, बैंक खातों के संचालन में सहयोग, भुगतान एवं रसीद वाउचर की प्रक्रिया, प्रबंध समिति की बैठकों का एजेंडा और कार्यवृत्त तैयार करने, एमआईएस रिपोर्ट के प्रमाणीकरण और खरीद प्रक्रिया से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी निभानी होगी।

आवेदन के लिए उम्मीदवारों को ICSI की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट icsi.edu पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा, 100 KB से कम आकार का रिज्यूमे अपलोड करना होगा और आवेदन जमा करने के बाद उसका प्रिंट सुरक्षित रखना होगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com