WAVES Summit 2025: मुंबई में प्राइम फोकस तो पनवेल में गोदरेज बनाएगी फिल्म सिटी, फडणवीस सरकार ने MoU पर किए हस्ताक्षर

मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित वेव्स सम्मेलन 2025 में महाराष्ट्र सरकार और DNEG-प्राइम फोकस लिमिटेड के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। प्राइम फोकस मुंबई में फिल्म के लिए निवेश करेगा।
प्राइम फोकस मुंबई में 'फिल्म सिटी' के लिए 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी
वेव्स सम्मेलन में एमओयू पर हस्ताक्षर करने के दौरान सीएम देवेंद्र फडणवीस और प्राइम फोकस के फाउंडर नमित मल्होत्रा व अन्य (सोर्स: एक्स@CMOMaharashtra)
Published on
Updated on

मुंबई: मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित वेव्स सम्मेलन 2025 में शुक्रवार को महाराष्ट्र सरकार ने कई कंपनियों के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए। आज कई कई कंपनियों ने निवेश की घोषणा की। इसी क्रम में प्राइम फोकस ने एक 'फिल्म सिटी' स्थापित करने के लिए 3,000 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि इसमें मनोरंजन से जुड़ी हर जरूरी सुविधा होगी।

बीएसई में सूचीबद्ध मनोरंजन कंपनी प्राइम फोकस ने मुंबई में 'वेव्स 2025' कार्यक्रम के दौरान इस संबंध में महाराष्ट्र सरकार के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस परियोजना में 2,500 तक नौकरियां पैदा करने की क्षमता है।

महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि "मुझे खुशी है कि मुंबई में वेव्स सम्मेलन का आयोजन किया गया। दुनिया भर के लोगों का कहना है कि इस पैमाने और गुणवत्ता का एक मंच पहली बार स्थापित किया गया है।

मुंबई में 200 एकड़ क्षेत्र में बनेगी फिल्म सिटी

प्राइम फोकस के फाउंडर नमित मल्होत्रा ​​​​ने बताया कि फिल्म सिटी वित्तीय राजधानी मुंबई में 200 एकड़ क्षेत्र में बनेगी। राज्य सरकार ने जमीन आवंटित करने के लिए प्रतिबद्धता जताई है। फिल्म सिटी कहां बनेगी, इसका सटीक स्थान बताए बिना मल्होत्रा ​​​​ने कहा कि राज्य सरकार के पास दो या तीन विकल्प हैं।

मुंबई में पहले ही राज्य सरकार द्वारा संचालित एक फिल्म सिटी है, जिसमें मुख्य रूप से फिल्म निर्माण और शूटिंग के बाद कार्य के लिए स्टूडियो हैं। यहां फिल्म निर्माण से संबंधित प्रशिक्षण भी दिया जाता है। प्राइम फोकस की फिल्म सिटी में रामायण थीम पर आधारित मनोरंजन पार्क, होटल, आवासीय सुविधाएं भी होंगी, जहां लोग परिवार के साथ महीनों तक रह सकते हैं।

नमित मल्होत्रा ​​ने कहा कि इस समय कंपनी में 10,000 लोग काम कर रहे हैं, जिनमें 7,000 देश के भीतर हैं और फिल्म सिटी से अतिरिक्त रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इस परियोजना का शिलान्यास इसी साल किए जाने की उम्मीद है और कंपनी संसाधन जुटाने के लिए अपने निवेशकों से भी संपर्क करेगी।

गाेदरेज पनवेल में तैयार करेगी फिल्म सिटी

गोदरेज अब पनवेल में एक आधुनिक फिल्म सिटी भी विकसित कर रहा है, जिसमें लगभग 2000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे हजारों रोजगार के अवसर पैदा होंगे। आज, कुल 8000 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है और कई महत्वपूर्ण MoU पर हस्ताक्षर किए गए हैं, लेकिन इस निवेश का मूल्य केवल आंकड़ों में नहीं देखा जाना चाहिए इसका गुणक प्रभाव, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में पूरे राज्य को मिलेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com