

Mexican Drug Lord El Mencho Killed in Military Operations: मेक्सिको की रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि दुनिया के सबसे वांछित ड्रग तस्करों में से एक और "एल मेंचो" के नाम से कुख्यात नेमेसियो रुबन ओसेगुएरा सर्वेंटेस एक सैन्य अभियान में मारा गया है। ओसेगुएरा की मौत के बाद पूरे देश में हिंसा की घटनाएं फैल गई हैं। यह ऑपरेशन पश्चिमी राज्य जलिस्को में मैक्सिकन सुरक्षा बलों द्वारा चलाया गया था। मंत्रालय के अनुसार, 59 वर्षीय ड्रग लॉर्ड की मौत मिलिट्री ऑपरेशन के बाद एयर ट्रांसफर के दौरान गंभीर चोटों के कारण हुई।
एल मेंचो का संगठन, "जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल" (CJNG), पिछले दशक में मेक्सिको का सबसे ताकतवर आपराधिक समूह बन चुका था और यह अमेरिका में नशीले पदार्थों की तस्करी का प्रमुख स्रोत था। हालांकि, राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने इस मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा कि इस पर पूरी जानकारी सुरक्षा कैबिनेट द्वारा दी जाएगी।
ओसेगुएरा की मौत की खबर के बाद CJNG के गढ़ वाले कई राज्यों में हिंसा की लहर फैल गई। बंदूकधारियों ने बदले की कार्रवाई में बसों, ट्रकों और कारों को आग लगा दी और प्रमुख सड़कों को ब्लॉक कर दिया। जलिस्को, गुआनाजुआतो, नायरिट, मिचोआकन और तमाउलिपास जैसे राज्यों में सार्वजनिक परिवहन को निलंबित कर दिया गया और यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया गया। ग्वाडलहारा में लोग बदले की डर से सड़कों और ट्रांसपोर्ट हब से भाग गए। स्थानीय मीडिया और अधिकारियों के अनुसार, ओसेगुएरा को ग्वाडलहारा से लगभग 80 मील दक्षिण-पश्चिम में तपालपा के एक पहाड़ी इलाके में या उसके पास एक फेडरल ऑपरेशन के दौरान मारा गया। इलाके में भारी गोलीबारी और सुरक्षा बलों की तैनाती के दृश्य मीडिया में दिखाए गए हैं।
CJNG की जड़ें लंबे समय से ग्रामीण जलिस्को में हैं, जहां ओसेगुएरा, जो एक पूर्व पुलिस अधिकारी था, ने एक ताकतवर कार्टेल नेटवर्क की अगुवाई की थी। यह नेटवर्क इलाके पर नियंत्रण पाने और तस्करी के रास्तों को नियंत्रित करने के लिए मिलिट्री-स्टाइल ताकत और आतंक फैलाने पर निर्भर था।
अमेरिका स्थित मेक्सिको दूतावास ने CJNG के नेता की मौत के बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों से अपील की है कि वे चल रहे सुरक्षा ऑपरेशन और संबंधित सड़क बाधाओं के कारण अगली सूचना तक सुरक्षित स्थानों पर रहें।