भारत से क्यों भड़कने लगे ट्रंप, अब दिल्ली आने से भी किया इनकार, क्वाड समिट में होने वाले थे शामिल

Donald Trump: ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य संघर्ष को सुलझाने में भूमिका निभाई थी। हालांकि, भारत की ओर से लगातार इन दावों को खारिज किया जा रहा है।
Donald Trump refuses India's invitation to attend Quad Summit
डोनाल्ड ट्रंप, (अमेरिकी राष्ट्रपति)
Published on: 
Updated on: 

Donald Trump Cancelled India Visit: पिछले कुछ समय से अमेरिका और भारत के संबधों में आई दूरी को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इस बीच भारतीय उत्पादों पर 50 प्रतिशत टैरिप लगाने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अपना भारतीय दौरा भी रद्द कर दिया है। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति का क्वाड शिखर सम्मेलन (Quad Summit) में नई दिल्ली आने का कोई प्रोग्राम नहीं है। अमेरिकी न्यूज़पेपर में शनिवार को छपी इस रिपोर्ट में ट्रंप के कार्यक्रम से जुड़ें सत्रों का हवाला दिया गया है।

रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, ट्रंप ने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जानकारी दिया था कि वे साल के आखिरी में भारत आएंगे, लेकिन अब उन्होंने इस प्लान को रद्द कर दिया है। रिपोर्ट में किए गए दावे पर फिलहाल अमेरिका औ भारत की ओर से कोई अधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

क्वाड समिट की मेजबानी कर रहा भारत

गौरतलब है कि इस साल के अंत में भारत क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने जनवरी में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक आयोजित की थी, ठीक उसी समय जब ट्रंप ने अपना दूसरा राष्ट्रपति कार्यकाल शुरू किया था। रिपोर्ट में यह दावा किया जा रहा है कि ट्रेड टेंशन के बीच ट्रंप और मोदी में संबंध बिगड़ने लगे हैं। विशेष रूप से ट्रंप के बार-बार किए गए दावों ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है।

भारत कर चुका है ट्रंप के दावों को खारिज

ट्रंप लगातार दावा कर रहे हैं कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य संघर्ष को सुलझाने में भूमिका निभाई थी। हालांकि, भारत की ओर से लगातार इन दावों को खारिज किया जा रहा है। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार, ट्रंप के भारत-पाकिस्तान युद्ध को सुलझाने के दावों ने पीएम मोदी को नाराज कर दिया। यह तनाव की शुरुआत थी। मोदी को ट्रंप के प्रति धैर्य धीरे-धीरे कम हो रहा था।

बता दें कि मोदी और ट्रंप के बीच 17 जून को फोन कॉल पर 35 मिनट बात हुई थी। यह कॉल उस समय हुई जब ट्रंप कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन से लौट कर वॉशिंगटन जा रहे थे। इस शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी भी मौजूद थे। योजना थी कि दोनों नेता सम्मेलन के दौरान आमने-सामने मुलाकात करेंगे, लेकिन ट्रंप जल्दी लौट गए। प्रस्थान से पहले भारतीय प्रधानमंत्री ने ट्रंप से फोन पर बातचीत की थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com