Qualcomm India में छंटनी पर मचा घमासान, CEO ने बताया परफॉर्मेंस, तो 47% कर्मचारियों ने लगाए फेवरिज्म के आरोप

Qualcomm India Layoffs: क्वालकॉम इंडिया में छंटनी को लेकर विवाद, CEO ने इसे परफॉर्मेंस आधारित बताया, लेकिन 47% कर्मचारियों ने फेवरिज्म का आरोप लगाया। जानें कैसे यह मामला भारत में चर्चा का केंद्र बना।
qualcomm india layoff
क्वालकॉम इंडिया(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • क्वालकॉम में हुए बड़े वर्कफोर्स रीस्ट्रक्चरिंग और छंटनी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

  • कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव क्रिस्टियानो अमोन ने इस कदम को सालाना समीक्षा के बाद 'परफॉर्मेंस-आधारित कटौती' बताया है।

  • 'ब्लाइंड' के एक इंटरनल एआई एनालिस के अनुसार, छंटनी के पीछे फेवरिज्म को मुख्य वजह बताया गया है।

Qualcomm India Layoffs: दिग्गज चिपमेकर कंपनी क्वालकॉम में हाल ही में हुए बड़े वर्कफोर्स रीस्ट्रक्चरिंग और छंटनी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव क्रिस्टियानो अमोन ने इस कदम को सालाना समीक्षा के बाद 'परफॉर्मेंस-आधारित कटौती' बताया है, लेकिन प्रभावित और गुमनाम कर्मचारियों की चर्चाओं ने एक बिल्कुल अलग तस्वीर पेश की है।

प्रोफेशनल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म 'ब्लाइंड' के एक इंटरनल एआई एनालिस के अनुसार, क्वालकॉम की छंटनी से जुड़ी लगभग आधी बातचीत में मैनेजरियल पक्षपात, क्षेत्रीय राजनीति और भाई-भतीजावाद (फेवरिज्म) को मुख्य वजह बताया गया है।

अन्य के मुकाबले क्वालकॉम में ज्यादा नाराजगी

'पीपल मैटर्स' के साथ साझा किए गए ब्लाइंड के डेटासेट में सामने आया है कि क्वालकॉम में छंटनी से जुड़ी 47.7 प्रतिशत चर्चाओं में कर्मचारियों ने पॉलिटिक्स या फेवरेटिज्म को जिम्मेदार ठहराया। इसके विपरीत, केवल 34.2 प्रतिशत कर्मचारियों ने ही इसे लागत या खराब परफॉर्मेंस से जुड़ा कदम माना।

2026 में बड़े पैमाने पर छंटनी करने वाली अन्य प्रमुख टेक्नोलॉजी कंपनियों के पीक वीक डेटा से तुलना करने पर क्वालकॉम का यह आंकड़ा बेहद चौंकाने वाला है-

  • क्वालकॉम: 47.7% ने पॉलिटिक्स या फेवरेटिज्म का हवाला दिया, जबकि 34.2% ने कॉस्ट या परफॉर्मेंस को कारण माना।

  • मेटा: 28.6% ने फेवरेटिज्म की बात कही, वहीं 47.6% ने कॉस्ट या परफॉर्मेंस को वजह बताया।

  • माइक्रोसॉफ्ट: 28.0% ने फेवरेटिज्म का आरोप लगाया, जबकि 64.0% ने इसे कॉस्ट या परफॉर्मेंस से जोड़ा।

  • उबर: केवल 21.1% ने फेवरेटिज्म का जिक्र किया, और 47.4% ने कॉस्ट या परफॉर्मेंस को आधार माना।

विश्लेषण के मुताबिक, फेवरिज्म से जुड़ी चर्चाओं के मामले में क्वालकॉम का आंकड़ा मेटा से 19.1 प्रतिशत अंक और उबर से 26.6 प्रतिशत अंक अधिक रहा।

विवाद के केंद्र में भारतीय ऑपरेशन्स

ब्लाइंड के डेटासेट में क्वालकॉम से जुड़ी कुल चर्चाओं का 87 प्रतिशत हिस्सा भारत से संबंधित है। इसमें 62 प्रतिशत बातचीत क्वालकॉम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और 25 प्रतिशत कंपनी के बेंगलुरु बीडीसी (BDC) सेंटर से जुड़ी थी, जबकि शेष 13 प्रतिशत चर्चाएं अमेरिका से थीं।

फोरम पर साझा किए गए गुमनाम पोस्ट में कर्मचारियों ने मिडिल मैनेजमेंट की चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि मैनेजरों ने अपने होमटाउन, समान भाषा समूह या पिछली कंपनी के सहकर्मियों को बचाने के लिए पक्षपात किया।

qualcomm india layoff
8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग से पहले रिटायर होने वाले कर्मचारियों का क्या? जानें एरियर और पेंशन का हिसाब

इसके अलावा, रिमोट वर्कर्स, मेडिकल या मैटरनिटी लीव पर गए कर्मचारियों और हाल ही में एचआर में शिकायत दर्ज कराने वाले कर्मियों को निशाना बनाने के दावे भी किए गए हैं। एक कर्मचारी ने लिखा कि छंटनी से कुछ ही हफ्ते पहले उसने अपने मैनेजर के खिलाफ एचआर से शिकायत की थी, जिसके बाद उसे नौकरी से निकाल दिया गया। हालांकि, ब्लाइंड ने स्पष्ट किया है कि ये दावे गुमनाम हैं और इनकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

दिवाली के आसपास छंटनी से निराशा

त्योहारी सीजन यानी दिवाली के आसपास हुई इस छंटनी ने कर्मचारियों की निराशा को और बढ़ा दिया है। रॉयटर्स द्वारा देखे गए 20 अक्टूबर के आंतरिक मेमो में सीईओ अमोन ने इन कटौतियों को भविष्य की ग्रोथ और बिजनेस प्राथमिकताओं के अनुरूप बताया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बेंगलुरु में 9 नवंबर को इन कटौतियों को लागू किया गया। इस रीस्ट्रक्चरिंग का असर हैदराबाद, दिल्ली-एनसीआर और चेन्नई स्थित इंजीनियरिंग व रिसर्च टीमों पर भी पड़ने की आशंका है, जिससे 1,000 से अधिक पद प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि, क्वालकॉम ने इस संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

qualcomm india layoff
Gold-Silver Price Drop: सोना 63,000... तो चांदी 2.57 लाख रुपये सस्ती, महंगे धातुओं में इतनी तेज गिरावट क्यों?

क्वालकॉम की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि प्रभावित कर्मचारियों को तीन दिन की सख्त समयसीमा के भीतर सेपरेशन डॉक्यूमेंट्स स्वीकार करने पर इंसेंटिव के तौर पर एक महीने की अतिरिक्त सैलरी का प्रस्ताव दिया गया था। फिलहाल, क्वालकॉम ने इन आरोपों और सेवरेंस शर्तों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।