1 अप्रैल से बदल जाएंगे इनकम टैक्स के नियम: सैलरी स्लिप और टैक्स कैलकुलेशन पर पड़ेगा असर, जानें कुछ जरूरी बातें

New Tax Rules: 1 अप्रैल 2026 से नए आयकर नियम लागू होंगे। इसमें सैलरी भत्तों, कार, घर और तोहफों पर टैक्स के नए फॉर्मूले दिए गए हैं। 15,000 रुपये से अधिक के गिफ्ट और मुफ्त भोजन पर टैक्स लगेगा।
New Income Tax Rules from April 1 2026 Major Changes in Salary Perks and Tax Calculation Formula
भारत में नए आयकर नियम 2026 (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

New Income Tax Rules 2026 India: भारत में 1 अप्रैल 2026 से आयकर के नियमों में ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है जो पुराने 1961 के अधिनियम की जगह लेगा। इन नए नियमों का सीधा असर नौकरीपेशा कर्मचारियों की सैलरी स्लिप, उनके मिलने वाले भत्तों और निवेश की गणना पर पड़ेगा। सरकार ने इन बदलावों के माध्यम से टैक्स असेसमेंट की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और स्पष्ट बनाने का प्रयास किया है। भारत के नए आयकर नियम 2026 के लागू होने से मिडिल क्लास टैक्सपेयर्स को अपनी वित्तीय योजना अभी से बनानी होगी।

रिटायरमेंट फंड पर नया नियम

नए नियमों के अनुसार अब रिटायरमेंट फंड में कंपनी के योगदान पर टैक्स की गणना के लिए एक विशेष फॉर्मूला लागू किया जाएगा। अगर किसी वित्तीय वर्ष में नियोक्ता का पीएफ, एनपीएस और सुपरएन्युएशन फंड में कुल योगदान 7.5 लाख रुपये से अधिक होता है। तो इस सीमा से ऊपर की राशि और उस पर मिलने वाले ब्याज को कर्मचारी की टैक्सेबल इनकम में जोड़कर टैक्स वसूला जाएगा।

घर की वैल्यू का आकलन

प्राइवेट सेक्टर में कंपनी द्वारा दिए गए घर की वैल्यू अब शहर की जनसंख्या के आधार पर तय की जाएगी जो काफी स्पष्ट है। 40 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में वेतन का 10 फीसदी और 15 से 40 लाख वाली आबादी में 7.5 फीसदी हिस्सा माना जाएगा। अन्य छोटे स्थानों पर यह दर वेतन का 5 फीसदी होगी और अगर कंपनी खुद घर किराए पर लेती है तो वास्तविक किराया देखा जाएगा।

कार और ड्राइवर की सुविधा

कंपनी की कार का निजी और सरकारी दोनों कामों के लिए उपयोग करने पर अब हर महीने एक निश्चित टैक्सेबल वैल्यू तय की गई है। 1.6 लीटर तक की क्षमता वाली कार के लिए 5,000 रुपये और उससे बड़ी कार के लिए 7,000 रुपये मासिक भत्ते पर टैक्स लगेगा। अगर कंपनी द्वारा ड्राइवर की सुविधा भी प्रदान की जाती है तो 3,000 रुपये अतिरिक्त प्रति माह सैलरी में जोड़कर गणना की जाएगी।

उपहार और मुफ्त भोजन की सीमा

एम्प्लॉयर की तरफ से मिलने वाले गिफ्ट अब साल भर में केवल 15,000 रुपये तक ही टैक्स-फ्री रहेंगे और ऊपर की राशि पर टैक्स लगेगा। त्योहारों पर मिलने वाले वाउचर या टोकन की कुल कीमत अगर इस सीमा को पार करती है तो वह पूरी तरह से टैक्सेबल मानी जाएगी। साथ ही ऑफिस में मिलने वाले फ्री मील या ड्रिंक्स की सीमा 200 रुपये प्रति मील तय की गई है जिससे अधिक होने पर टैक्स लगेगा।

लोन और डिजिटल व्यापार

एम्प्लॉयर से मिले ब्याज-मुक्त लोन पर अगर राशि 2 लाख रुपये से अधिक है तो एसबीआई की ब्याज दर के हिसाब से टैक्स लगेगा। विदेशी डिजिटल व्यापार के मामले में भी नए नियम आए हैं जहां 2 करोड़ रुपये से अधिक के भारतीय लेनदेन पर टैक्स लगेगा। अगर किसी विदेशी डिजिटल कंपनी के भारत में 3 लाख से ज्यादा यूजर्स हैं तो उसे भी भारत में टैक्स देनदारी निभानी पड़ सकती है।

निवेश और भविष्य की तैयारी

टैक्स-फ्री निवेशों से होने वाली आय से जुड़े खर्चों के लिए निवेश के सालाना औसत मूल्य का 1 फीसदी हिस्सा खर्च माना जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू होने वाले ये नियम फॉर्म 16 और सैलरी कैलकुलेशन के पूरे ढांचे को बदल कर रख देंगे। सभी टैक्सपेयर्स को सलाह दी जाती है कि वे नए ड्राफ्ट नियमों के अनुसार अपने निवेश और खर्चों की तैयारी अभी से शुरू कर दें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com