बाजार के 'दिग्गजों' को लगा बड़ा झटका! एक हफ्ते में ₹3.63 लाख करोड़ डूबे, इन 7 कंपनियों के निवेशक बेहाल

Share Market: रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, एयरटेल, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो के बाजार मूल्य में गिरावट आई, वहीं आईसीआईसीआई बैंक, SBI और HUL के शेयरों की कीमत बढ़ी।
Sensex Top-10 Companies Market Cap
शेयर बाजार, (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

Sensex Top-10 Companies Market Cap: बीते सप्ताह शेयर बाजार में कमजोरी के बीच भारत की टॉप- 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में सात कंपनियों का कुल बाजार मूल्य 3,63,412.18 करोड़ रुपये घट गया। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे अधिक प्रभावित हुई। पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स में 2,185.77 अंकों या 2.54 प्रतिशत की गिरावट आई।

ऑनलाइन कारोबारी मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा कि भारतीय शेयर बाजार पिछले सप्ताह नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए, जो अमेरिकी शुल्क की नई धमकियों और बढ़ते भू-राजनीतिक तनावों से उत्पन्न जोखिम से बचने की प्रवृत्ति को दर्शाता है।

रिलायंस की शेयरों में आई गिरावट

समीक्षाधीन अवधि में रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, बजाज फाइनेंस और लार्सन एंड टुब्रो के बाजार मूल्य में गिरावट आई, वहीं आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों की कीमत बढ़ी। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार मूल्यांकन 1,58,532.91 करोड़ रुपये गिरकर 19,96,445.69 करोड़ रुपये हो गया।

ICICI बैंक के वैल्युएशन में इजाफा

इसके अलावा एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 96,153.61 करोड़ रुपये घटकर 14,44,150.26 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि, आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 34,901.81 करोड़ रुपये बढ़कर 10,03,674.95 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 6,097.19 करोड़ रुपये बढ़कर 5,57,734.23 करोड़ रुपये हो गया।

अगले हफ्ते कैसा रहेगा शेयर बाजार?

आने वाले सप्ताह में भारतीय शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है। देश और दुनिया से जुड़े कई मामले बाजार को प्रभावित कर सकते हैं। दिसंबर तिमाही के नतीजों की शुरुआत, महंगाई से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े और अमेरिका की व्यापार नीति को लेकर बनी अनिश्चितता पर निवेशकों की नजर रहेगी। पिछले सप्ताह बेंचमार्क इंडेक्स कमजोरी के साथ बंद हुए, जिससे लगातार पांच कारोबारी सत्रों तक गिरावट देखने को मिली। कंपनियों के तिमाही नतीजों से पहले निवेशक सतर्क दिखे। विदेशी निवेशकों द्वारा लगातार बिकवाली से बाजार पर दबाव बना रहा।

तिमाही नतीजे पर निवेशकों की नजर

अब अगले सप्ताह निवेशकों की नजर इस बात पर होगी कि दिसंबर तिमाही में कंपनियों का प्रदर्शन कैसा रहता है और क्या आर्थिक आंकड़े बाजार को कोई राहत देते हैं या नहीं। दिसंबर तिमाही के नतीजों की शुरुआत देश की बड़ी आईटी कंपनियों से होगी, जिनमें टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, विप्रो और टेक महिंद्रा शामिल हैं, जो अपने तीसरी तिमाही के नतीजे घोषित करेंगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com