इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स की बजट से पहले सलाह, घरेलू मैन्यूफैक्चरिंग की कस्टम ड्यूटी पर दें ध्यान

बजट पेश होने से पहले इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र को लेकर बड़ा सुझाव दिया है। आईसीसी के अध्यक्ष अमेय प्रभु ने कहा कि इस्पात, सौर बैटरी, एल्युमीनियम और लिथियम सेल सहित अन्य क्षेत्रों में घरेलू उद्योग की वृद्धि के लिए सुरक्षात्मक उपायों की आवश्यकता है।
ICC Suggestion on Budget 2024 for domestic manufacturing
इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स ( सौजन्य : सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

नई दिल्ली : इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) ने सरकार को घरेलू मैन्यूफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए सुझाव दिया है। साथ ही सरकार ने इस्पात, सौर बैटरी, एल्यूमीनियम और लिथियम सेल सहित विभिन्न क्षेत्रों पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी को उचित करने की भी बात कही है।

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 23 जुलाई को पूर्ण केंद्रीय बजट पेश करेंगी। आईसीसी के अध्यक्ष अमेय प्रभु ने कहा कि इस्पात, सौर बैटरी, एल्युमीनियम और लिथियम सेल सहित अन्य क्षेत्रों में घरेलू उद्योग की वृद्धि के लिए सुरक्षात्मक उपायों की आवश्यकता है।

सीमा शुल्क को युक्तिसंगत बनाने की आवश्यकता

प्रभु ने कहा, "इन विशिष्ट क्षेत्रों में समग्र रूप से सीमा शुल्क को युक्तिसंगत बनाने की आवश्यकता है। घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने और भारत को विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की अपार संभावनाएं हैं।'' उन्होंने कहा कि कच्चे माल पर शुल्क से घरेलू कम्पनियों खासकर 'डाउनस्ट्रीम' कंपनियों पर असर पड़ता है।

शुल्क ढांचे में सुधार करने का भी अनुरोध

'अपस्ट्रीम' कंपनियां तेल तथा गैस की खोज और उत्पादन में शामिल हैं, जबकि 'डाउनस्ट्रीम' कंपनियां तेल तथा गैस उत्पादों के शोधन, विपणन व वितरण का काम करती हैं। उन्होंने मिश्रित पेट्रोलियम गैस पर शुल्क को पांच प्रतिशत से घटाकर 2.5 प्रतिशत करके उलटे शुल्क ढांचे में सुधार करने का भी अनुरोध किया। लाभांश पर कर न लगाने की भी सिफारिश की गई है।

आईसीसी ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किया

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में आईसीसी ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किया है। यह वास्तव में विश्व स्तरीय चैंबर बन गया है। उन्होंने कहा, "हमने न्यूजीलैंड, अमेरिका, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, कोरिया और पश्चिम एशिया के देशों सहित दुनिया भर में 25 खंड खोले हैं।''

आईसीसी के वर्तमान अध्यक्ष अमेय प्रभु

इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एक गैर-सरकारी व्यापार संघ और वकालत समूह है जिसका मुख्यालय कलकत्ता भारत में स्थित है। यह देश के सबसे पुराने व्यापार संघों में से एक है और इसकी स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी। आईसीसी के वर्तमान अध्यक्ष अमेय प्रभु हैं और राजीव सिंह वर्तमान महानिदेशक हैं। इस संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी और उस समय इसे एसोसियेशन ऑफ मर्चेन्ट्स के रूप में जाना जाता था।

( एजेंसी इनपुट के साथ )

Navbharat Live
navbharatlive.com