बढ़ती महंगाई के बीच सामने आए चौंकाने वाले आंकड़े, 40 करोड़ से ज्यादा कीमत के 25 अल्ट्रा-लक्जरी घरों की हुई बिक्री
रियल एस्टेट परामर्श कंपनी ने इस कैलेंडर ईयर के जनवरी से अगस्त तक के आंकड़े साझा किए है। जिसमें पता चला है कि इस 8 महीने की अवधि में मुंबई, हैदराबाद, गुरुग्राम और बेंगलुरु में कुल 25 अल्ट्रा-लक्जरी घर बेचे गए है। इन घरों की कीमत 40 करोड़ रुपये से अधिक बतायी जा रही है।
- Written By: अपूर्वा नायक
एनारॉक ( सौजन्य : सोशल मीडिया )
नई दिल्ली : रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़ी कंपनी एनारॉक ने जनवरी महीने से लेकर अगस्त महीने तक मकानों की सेल्स के आंकड़े साझा किए है। इन आंकड़ो के अनुसार पता चला है कि देश के कुछ प्रमुख शहरों में 40 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाले 25 अल्ट्रा-लक्जरी यानी बहुत महंगे मकानों की बिक्री हुई है। इन मकानों के सेल्स की कुल कीमत 2,443 करोड़ रुपये बतायी जा रही है।
एनारॉक के आंकड़ों के अनुसार, 2024 के पहले आठ महीनों में मुंबई, हैदराबाद, गुरुग्राम और बेंगलुरु में कुल 25 अल्ट्रा-लक्जरी घर बेचे गए, जिनका सामूहिक बिक्री मूल्य 2,443 करोड़ रुपये है। पुणे, चेन्नई और कोलकाता में इस मूल्य वर्ग में कोई बिक्री नहीं हुई। आंकड़ों में नए मकान और पुराने मकान, दोनों बाजार शामिल हैं। एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा, “पूरे 2023 में मुंबई, हैदराबाद और गुरुग्राम में इस खंड में 4,456 करोड़ रुपये के कुल बिक्री मूल्य के लगभग 61 सौदे हुए थे।”
अबतक बेचे गए कुल 25 अल्ट्रा-लक्जरी घर
उन्होंने कहा, “साल 2024 में चार महीने शेष हैं और अक्टूबर से दिसंबर तक त्योहारी सत्र आने वाला है, इसलिए साल खत्म होने से पहले हमें इस तरह के और बड़े घरों के सौदे देखने को मिल सकते हैं।” इस साल अबतक बेचे गए कुल 25 अल्ट्रा-लक्जरी घरों में से कम से कम 20 अपार्टमेंट थे जिनकी कीमत 1,694 करोड़ रुपये थी, जबकि शेष पांच बिक्री बंगलों की थी, जिनकी कुल कीमत लगभग 748.5 करोड़ रुपये थी।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई एमएमआर में बढ़ी घरों की बिक्री, वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद आवास बाजार मजबूत
हाउसिंग सोसायटी के फ्लैट मालिकों को बड़ी राहत, मेंटेनेंस शुल्क पर ‘स्क्वेयर फीट फॉर्मूला’ खारिज
क्लस्टर रिडेवलपमेंट मॉडल से बदलेगी मुंबई की तस्वीर, 9,115 करोड़ के राजस्व का अनुमान
Iran War Impact: ईरान युद्ध से भारत के रियल एस्टेट पर भारी असर, 5.4 लाख घरों की डिलीवरी पर संकट
सामूहिक बिक्री मूल्य के 10 ऐसे बड़े सौदे हुए
शहरों में मुंबई में सबसे ज्यादा 21 घर बिके। इनकी कुल कीमत 2,200 करोड़ रुपये थी। हैदराबाद के जुबली हिल्स में कम से कम दो अल्ट्रा-लक्जरी घरों के सौदे हुए, जिनकी कुल कीमत 80 करोड़ रुपये थी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के गुरुग्राम में एक अल्ट्रा-लक्जरी घर की बिक्री 95 करोड़ रुपये में हुई, जबकि बेंगलुरु में भी 67.5 करोड़ रुपये का एक सौदा हुआ। इस वर्ष विभिन्न शहरों में संपन्न हुए 25 सौदों में से नौ सौदे बड़े आकार के थे, जिनमें से प्रत्येक का मूल्य 100 करोड़ रुपये से अधिक था, तथा इनका सामूहिक बिक्री मूल्य 1,534 करोड़ रुपये था। एनारॉक ने कहा कि पूरे कैलेंडर वर्ष 2023 में 1,720 करोड़ रुपये के सामूहिक बिक्री मूल्य के 10 ऐसे बड़े सौदे हुए थे।
( एजेंसी इनपुट के साथ )
