मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा, घर में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जले, 5 गंभीर रूप से घायल

Bihar के मुजफ्फरपुर जिले में एक घर में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य बुरी तरह झुलस गए। अग्निकांड में मरने वालों में पति, पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं।
muzaffarnagar fire incident
मुजफ्फरपुर में भीषण अग्निकांड, फोटो- सोशल मीडिया
Updated on

Muzaffarpur fire Incident: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बीती रात दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मोतीपुर नगर परिषद क्षेत्र के एक घर में आग लगने से एक ही परिवार के 10 लोग झुलस गए, जिनमें से पांच की मौत हो गई, जबकि पांच लोग बुरी तरह घायल हैं।

यह दर्दनाक घटना मुजफ्फरपुर के मोतीपुर के वार्ड नंबर-13 में हुई। अग्निकांड में मरने वालों में पति, पत्नी और दो बच्चे शामिल हैं। हादसे में ललन साह, उसकी मां, पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा देर रात तब हुआ जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे। अचानक घर से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। सोए होने की वजह से परिवार के सदस्यों को संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर फंसे सदस्य बच नहीं सके।

शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग

स्थानीय लोगों ने जब आग की लपटें देखीं तो शोर मचाया और मौके पर भीड़ जुटी। पड़ोसियों ने लोगों को जगाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के घरों तक गर्मी महसूस की जा रही थी। आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट-सर्किट की वजह से लगी होगी। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आग लगने के अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।

घायलों का एसकेएमसीएच में इलाज जारी

सूचना मिलते ही मोतीपुर पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने झुलसे हुए पांच लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच (SKMCH) अस्पताल भेजा गया। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी ने पुष्टि की है कि पांच लोगों की मौत हुई है और चार लोग झुलसे हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में कोहराम मच गया है। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने राहत और सहायता के लिए टीमें तैनात कर दी हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com