TET Paper Leak: बिहार का समस्तीपुर कनेक्शन! देश का कुख्यात शिक्षा माफिया बिजेंद्र गुप्ता निकला मास्टरमाइंड
TET Paper Leak Bijendra Gupta: महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक मामले में बिहार का कनेक्शन। समस्तीपुर का कुख्यात बिजेंद्र गुप्ता मुख्य मास्टरमाइंड के रूप में आया सामने।
- Written By: अनिल सिंह
बिजेंद्र गुप्ता टीईटी पेपर लीक का मुख्य मास्टरमाइंड (फोटो क्रेडिट-X)
Maharashtra TET Paper Leak Mastermind Bijendra Kumar Gupta: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में भिवंडी पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इस महा-घोटाले के तार देश के अन्य राज्यों से जुड़ते जा रहे हैं। 3 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब इस पूरे रैकेट के पीछे बिहार का एक बड़ा और खौफनाक ‘शिक्षा माफिया कनेक्शन’ सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला बिजेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ बालेश्वर कुमार साह इस पूरे पेपर लीक कांड का मुख्य मास्टरमाइंड है।
यह कोई पहली बार नहीं है, बल्कि बिजेंद्र गुप्ता देश के कई राज्यों में सरकारी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक करने का पुराना और वांटेड अपराधी है। भिवंडी पुलिस ने मुख्य सरगना की धरपकड़ के लिए चार राज्यों में जाल बिछा दिया है।
देश के कई राज्यों में दर्ज हैं केस
भिवंडी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, इस हाई-प्रोफाइल मामले में दर्ज एफआईआर (FIR) में कुल पांच मुख्य आरोपियों के नाम शामिल हैं। इनमें राजीव श्री प्रयाग शाव, आकाश कुमार स्वराज कुमार और धीरज बलराज सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य मास्टरमाइंड बिजेंद्र कुमार गुप्ता और उसका साथी कपिल दहिया फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने बताया कि बिजेंद्र बेहद शातिर अपराधी है जो अलग-अलग राज्यों में अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी नामों का इस्तेमाल करता है। जुलाई 2023 में ओडिशा में भी उसके खिलाफ पेपर लीक के दो गंभीर मामले दर्ज हुए थे। इस वक्त पुलिस की विशेष टीमें हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार में छापेमारी कर रही हैं।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर: पदभार संभालते ही नए पुलिस कमिश्नर विश्वास नांगरे पाटिल बोले- जरूरत पड़ी तो एनकाउंटर भी
वडाला-कासारवडवली मेट्रो को मिली बड़ी मंजूरी, मैंग्रोव भूमि हस्तांतरण से निर्माण कार्य होगा तेज
महाराष्ट्र सरकार बढ़ाएगी स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का दायरा, Andheri ESIC अस्पताल जल्द होगा पूरी क्षमता से शुरू
नागपुर SBL ब्लास्ट: सरेंडर की मियाद खत्म होने के बाद भी फरार हैं संचालक; गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कसी कमर
ये भी पढ़ें- मुहर्रम जुलूस में जहर बांटने का आरोपी बोला- समाज से बदला लेना चाहता था, पुलिस जांच तेज
आगरा की कंपनी में छपता है महाराष्ट्र का पेपर
पुलिस को जांच के दौरान परीक्षा प्रणाली से जुड़ी एक बेहद संवेदनशील और अहम जानकारी हाथ लगी है। दरअसल, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद पिछले 25 वर्षों से इन परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों की प्रिंटिंग उत्तर प्रदेश के आगरा में स्थित ‘महिम पत्रम प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की एक बेहद सुरक्षित मानी जाने वाली कंपनी से करवाती है। नियमानुसार, परीक्षा के लिए चार अलग-अलग सेट प्रिंट किए जाते हैं और भारी सुरक्षा के बीच सीधे ट्रांसपोर्टेशन के जरिए परीक्षा केंद्रों तक भेजे जाते हैं। इस बार भी छपाई के बाद प्रश्नपत्रों को महाराष्ट्र के वाशिम, जालना और लातूर जिलों के मुख्य केंद्रों पर भेजा गया था। पुलिस अब इस बात की कड़ाई से पड़ताल कर रही है कि पेपर आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से लीक हुआ या फिर महाराष्ट्र के इन तीन जिलों के ट्रांसपोर्टेशन रूट से।
शिक्षा मंत्री दादा भुसे के खिलाफ NSUI का प्रदर्शन
इस बीच, TET पेपर लीक कांड को लेकर महाराष्ट्र में राजनीतिक घमासान और तेज हो गया है। कांग्रेस के छात्र संगठन ‘नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया’ (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने इस प्रशासनिक नाकामी को लेकर राज्य के शिक्षा मंत्री दादा भुसे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एनएसयूआई के सदस्यों ने सीधे मंत्री के सामने पहुंचकर काले झंडे दिखाए और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि महायुति सरकार के कार्यकाल में परीक्षा माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं। हंगामे और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारी छात्रों को बलपूर्वक हटाकर हिरासत में ले लिया है।
