प्रतीकात्मक फोटो, सोर्स- सोशल मीडिया
Patna Traffic Today: बिहार में एक बार फिर नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। 20 नवंबर 2025 को पटना में शपथ ग्रहण समारोह के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के कई व्यस्त मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
बिहार में नीतीश कुमार आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह के कारण पटना की यातायात व्यवस्था को बदला गया है। पटना पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, गुरुवार को सुबह छह बजे से दोपहर तीन बजे तक शहर के कई व्यस्तम मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। खास तौर पर गांधी मैदान की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की एंट्री नहीं होगी।
निम्न प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा:
1. भट्टाचार्या रोड चौराहा से उत्तर गांधी मैदान की ओर।
2. न्यू डाकबंगला से एसपी वर्मा रोड में प्रवेश।
3. पुलिस लाइन तिराहा से गांधी मैदान की ओर।
4. रामगुलाम चौक से पश्चिम, जेपी गोलंबर की ओर।
5. अशोक राजपथ में जामुन गली मोड़ से पश्चिम (करगिल चौक) की तरफ।
6. बुद्धमार्ग से पूरब छज्जूबाग टीएन बनर्जी पथ और नवीन पुलिस केन्द्र गेट नं-1 से बैंक रोड आने-जाने वाले मार्ग।
इसके साथ ही, आईएमए हॉल/ होटल पनास/ट्विन टावर/मौर्या होटल के सभी कटिंग से गांधी मैदान की ओर किसी भी प्रकार के वाहनों का परिचालन नहीं होगा। बंद मार्गों पर सिर्फ फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, मरीजों के वाहन और शव वाहन जैसे इमरजेंसी वाहन ही जा सकेंगे।
चिकित्सीय और आकस्मिकता से निपटने के लिए गांधी मैदान के हर बड़े गेट पर चिकित्सक स्टाफ, जीवन रक्षक दवाओं और एम्बुलेंस की व्यवस्था रहेगी। एम्बुलेंस पीएमसीएच, एनएमसीएच एवं आईजीआईएमएस जा सकेगी। साथ ही, गांधी मैदान क्षेत्र के आसपास के निजी अस्पताल तारा हॉस्पिटल एवं रूबन हॉस्पिटल को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचने के लिए जेपी गोलंबर से चिल्ड्रेन पार्क के बीच का मार्ग सुरक्षित रखा गया है, लेकिन इस मार्ग पर सामान्य आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
• डाकबंगला चौराहा से सभी प्रकार के गाड़ियों को न्यू डाकबंगला, भट्टाचार्या मोड़ से राजेन्द्र पथ की ओर जाने दिया जाएगा।
• नेहरू पथ से गांधी मैदान जाने वाले गाड़ियों को आयकर गोलंबर से दाहिने वीरचन्द पटेल पथ में मोड़ दिया जाएगा।
• एयरपोर्ट जाने के लिए यात्री जगदेव पथ या वैकल्पिक मार्गों (राजाबाजार होते हुए डुमरा चौकी, टमटम पड़ाव होते हुए आमुकोड़ा मोड़) का उपयोग कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बेंगलुरु की सड़क पर दिनदहाड़े 7 करोड़ की लूट, देखते रहे लोग और लुट गया एटीएम वैन का सारा माल
आम जनता गांधी मैदान गेट नं-7, 8, 9 एवं 10 से प्रवेश कर सकती है। आमजनों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था अशोक राजपथ (400 गाड़ियां), जेपी गंगा पथ (1000 गाड़ियां), मिलर हाई स्कूल (250 गाड़ियां), और पटना कॉलेज/पटना सायंस कॉलेज परिसर (200 गाड़ियां) में की गई है।