Bihar Chunav: अब ‘बड़े भाई’ नहीं रह गए नीतीश, बराबरी में आई भाजपा, 101 सीटों पर बन गई बात

Bihar Election: सीएम नीतीश कुमार की पार्टी, जनता दल यूनाइटेड, अब गठबंधन में 'बड़ा भाई' नहीं रहा। विधानसभा चुनाव में, जेडीयू और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दोनों बराबर 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
bihar elections 2025 seat sharing done
अमित शाह के साथ चिराग पासवाम, नीतीश कुमार और जीतन राम मांझी, फोटो- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Bihar Assembly Election 2025: बिहार में सत्ताधारी एनडीए गठबंधन ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को औपचारिक रूप दे दिया है। बिहार में एनडीए के सीट बंटवारे में भाजपा और जेडीयू के अलावा बाकी सहयोगी दलों में, चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास (एलजेपी-आर) को 29 सीटें मिली हैं, जबकि जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को 6-6 सीटों से संतोष करना पड़ा है।

इस समझौते ने बिहार की गठबंधन राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव को दर्शाया है। अब तक हमेशा गठबंधन में 'बड़ा भाई' मानी जाने वाली जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) का दर्जा समाप्त हो गया है। सीट बंटवारे में जेडीयू और बीजेपी को बराबर की हिस्सेदारी मिली है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अब बीजेपी बिहार में नीतीश कुमार की पार्टी के बराबर खड़ी हो गई है।

खत्म हुआ जदयू के बड़े भाई का दर्जा

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने सीट बंटवारे की घोषणा कर दी है, जिसमें जेडीयू के पारंपरिक 'बड़े भाई' का दर्जा समाप्त हो गया है। सीट बंटवारे के तहत, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) दोनों 101-101 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगी।

हालांकि गठबंधन में 'बड़ा भाई' या 'छोटा भाई' होने को लेकर कोई औपचारिक बात कभी नहीं की गई थी, लेकिन पिछले विधानसभा चुनावों में हमेशा नीतीश कुमार की पार्टी भाजपा से कुछ ज्यादा सीटें लड़ती थी। उदाहरण के लिए, 2020 के विधानसभा चुनाव में जेडीयू ने 115 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि बीजेपी ने 110 सीटों पर। इस नए बंटवारे के साथ, जेडीयू अब सीटों की संख्या के मामले में बीजेपी के बराबर आ गई है।

सहयोगी दलों का बंटवारा

एनडीए ने बाकी सहयोगी नेताओं-चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को कुल 41 सीटों पर मना लिया है।

• चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी - रामविलास (एलजेपी-आर) को 29 सीटें मिली हैं। सूत्रों के अनुसार, चिराग पासवान ने मोलभाव में अपना काम ठीक से निकलवा लिया है।

• जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) को 6 सीटें मिली हैं।

• उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को भी 6 सीटों से संतोष करना पड़ा है।

सीट बंटवारे की घोषणा के बाद, सबसे पहले जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने एक ट्वीट के माध्यम से इसकी जानकारी दी। उनके बाद, उपेंद्र कुशवाहा, चिराग पासवान के साथ-साथ बिहार बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने भी उसी जानकारी को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस तरह, एनडीए ने बिहार चुनाव 2025 के लिए एक संयुक्त मोर्चा तैयार किया है, जिसमें बीजेपी ने गठबंधन के भीतर अपनी स्थिति को मजबूत करते हुए जेडीयू के साथ समानता स्थापित कर ली है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com