बिहार चुनाव: आज थम जाएगा 20 जिलों की 122 सीटों पर प्रचार का शोर, 11 नवंबर को मतदान
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार रविवार शाम 6 बजे समाप्त हो जाएगा। 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी। इस चरण में 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं।
- Written By: प्रतीक पाण्डेय
बिहार विधानसभा चुनाव 2025, (कॉन्सेप्ट फोटो)
Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के प्रचार का शोर रविवार (9 नवंबर 2025) शाम 6 बजे थम जाएगा। इस चरण में कुल 1302 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 136 महिला और 1 थर्ड जेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 20 जिलों की कुल 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। इन 122 सीटों में से 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।
मतदान को लेकर उम्मीदवारों ने मतदाताओं को गोलबंद करने के लिए प्रचार के अंतिम 24 घंटे में अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, इंडिया गठबंधन के बिहार संयोजक तेजस्वी प्रसाद यादव और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान सहित कई बड़े नेताओं ने अपने-अपने गठबंधन के उम्मीदवारों के पक्ष में सभाएं कीं और जीत सुनिश्चित करने की अपील की।
सम्बंधित ख़बरें
इन्हें सरकारी नौकर नहीं ‘धनकुबेर’ कहिए! बिहार के इंजीनियर के घर छापेमारी में मिली अकूत संपत्ति, अफसर भी चकराए
ललन सिंह के एक बयान से बिहार NDA में हड़कंप, बताया नीतीश कुमार ने सम्राट को क्यों चुना अपना उत्तराधिकारी
बिहार के लाल का देश-दुनिया में कमाल, T20 World Cup के हीरो ईशान किशन को मिला 1 करोड़ का बंपर इनाम
बिहार में बड़ा सियासी उलटफेर, नीतीश के हटते ही JDU पर भारी पड़ी RJD; सम्राट राज में NDA की पहली हार
1302 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे 3.70 करोड़ मतदाता
इस चरण में कुल 1302 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 1165 पुरुष, 136 महिला और 1 थर्ड जेंडर के उम्मीदवार शामिल हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कुल 3,70,13,556 मतदाता करेंगे। मतदाताओं में 1,95,44,041 पुरुष, 1,74,68,572 महिला एवं 943 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं।
इस चरण में हरेक बूथ पर औसतन 815 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। खास बात यह है कि इस चरण के सभी 122 विधानसभा क्षेत्रों में दो लाख से अधिक मतदाता हैं। मतदाताओं की संख्या के अनुसार, सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र मखदुमपुर है, जहां 2,47,574 मतदाता वोट डालेंगे, जबकि सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र हिसुआ है, जहां सर्वाधिक 3,67,667 मतदाता मतदान करेंगे।
सर्वाधिक और सबसे कम उम्मीदवार वाले विधानसभा क्षेत्र
दूसरे चरण में प्रत्याशियों की संख्या को लेकर कुछ सीटों पर विशेष प्रतिस्पर्धा दिख रही है। सर्वाधिक 22-22 उम्मीदवारों वाले तीन विधानसभा क्षेत्र हैं: कैमूर में चैनपुर, रोहतास का सासाराम और गया जी का गया शहर। वहीं, सबसे कम उम्मीदवार (5-5) वाले छह विधानसभा क्षेत्र भी हैं। इन छह क्षेत्रों में पश्चिमी चंपारण का लौरिया और चनपटिया; पूर्वी चंपारण के रक्सौल और सुगौली; सुपौल का त्रिवेणीगंज; एवं पूर्णिया का बनमनखी विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: स्ट्रॉन्ग रूम में CCTV बंद, आधी रात को पिकअप की एंट्री, RJD के आरोपों पर चुनाव आयोग ने दिया जवाब
मतदान केंद्रों की व्यापक व्यवस्था
दूसरे चरण में बिहार के 20 जिलों में कुल 45,399 बूथों पर मतदान होगा। इनमें शहरी क्षेत्र में 5,326 और ग्रामीण क्षेत्र में 40,073 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 45,399 बूथों में 45,388 सामान्य बूथ और 11 सहायक बूथ शामिल हैं।
मतदान प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए विशेष केंद्र भी बनाए गए हैं:
• महिलाओं की ओर से संचालित 595 बूथ।
• दिव्यांगजनों की ओर से संचालित 91 बूथ।
• 316 मॉडल मतदान केंद्र।
इस चरण में सभी बूथों पर वेब कास्टिंग की सुविधा भी कराई जाएगी।
