Bihar By Election 2026: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, रोड शो के बाद नीरज सिन्हा ने भरा पर्चा
Bihar By Election 2026: भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा ने बांकीपुर उपचुनाव के लिए भव्य रोड शो के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और एनडीए नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया।
- Written By: करुणा नंद शाहवाल
नामांकन से पहले नीरज कुमार सिन्हा ने भाजपा नेताओं के साथ रोड शो किया (सोर्स-सोशल मीडिया)
Neeraj Kumar Sinha Bankipur By Election Nomination: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने नामांकन के अंतिम दिन शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा का भव्य रोड शो निकाला। भाजपा कार्यालय से शुरू हुआ रोड शो पटना समाहरणालय पहुंचा, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नीरज कुमार सिन्हा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
रोड शो में सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू, लोजपा (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्षों समेत हजारों कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। नामांकन से पहले नीरज सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्वर्गीय नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उनके चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद नीरज कुमार सिन्हा को प्रत्याशी घोषित किया गया। बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।
एनडीए नेताओं ने दिखाई एकजुटता
नामांकन से पहले भाजपा कार्यालय से पटना समाहरणालय तक विशाल रोड शो निकाला गया। इसमें सांसद रविशंकर प्रसाद, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार समेत एनडीए के कई नेता शामिल हुए।
सम्बंधित ख़बरें
बांकीपुर उपचुनाव में सियासी बवाल, वीणा मानवी की गिरफ्तारी पर भड़के तेजप्रताप, बोले- सरकार का घेराव करेंगे
खान सर को पटना कोर्ट से बड़ी राहत: फायरिंग मामले में मिली अग्रिम जमानत, दोनों बॉडीगार्ड्स को भी मिली राहत
देशभर का मौसम: उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, पहलगाम में बाढ़, कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
‘चूहे-बिल्ली से वोट मांग रहे हैं’, बांकीपुर उपचुनाव में जदयू ने प्रशांत किशोर पर बोला हमला
भव्य रोड शो के बाद नामांकन
रोड शो का मुख्य आकर्षण विशेष रूप से सजाया गया रथ रहा, जिस पर नीरज कुमार सिन्हा और एनडीए के वरिष्ठ नेता सवार थे। रथ को भाजपा के कमल चिन्ह, पार्टी के झंडों और फूलों से सजाया गया था। नेताओं ने पूरे मार्ग में लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो भाजपा कार्यालय से शुरू होकर डाकबंगला चौराहा, एसपी वर्मा रोड, यूथ हॉस्टल, बिस्कोमान, कारगिल चौक और गांधी मैदान होते हुए पटना समाहरणालय पहुंचा। इस दौरान हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पैदल तथा मोटरसाइकिलों के साथ रोड शो में शामिल हुए।
मंदिर में पूजा कर शुरू किया अभियान
नामांकन से पहले नीरज कुमार सिन्हा ने राजवंशी नगर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने नवीन सिन्हा पार्क पहुंचकर स्वर्गीय नवीन सिन्हा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके उपरांत वह समर्थकों के साथ नामांकन यात्रा में शामिल हुए। पटना समाहरणालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और एनडीए के अन्य नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। समाहरणालय परिसर के बाहर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और भाजपा के समर्थन में नारे लगाते रहे।
अभिषेक कुमार को बनाया गया था पहला प्रत्याशी
भाजपा ने पहले इस उप चुनाव के लिए अभिषेक कुमार को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन बाद में उन्होंने पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी। इसके बाद नीरज सिन्हा को मौका मिला है। बांकीपुर से टिकट मिलने के बाद नीरज कुमार सिन्हा ने लगातार बिहार के दिग्गज नेताओं से मुलाकात की है। वे रविवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: जन सुराज के प्रशांत किशोर ने भरा नामांकन, RJD और BJP से है लड़ाई
30 जुलाई को होगा मतदान
नितिन नवीन के बांकीपुर विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद यह उपचुनाव हो रहा है। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने राज्यसभा सदस्य के रूप में चुने जाने के बाद विधायक पद छोड़ा था। फिलहाल, 30 जुलाई को बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होगा। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि 16 जुलाई है। 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
