Russian Oligarch Trump Jr Wedding: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने 21 मई 2026 को अमेरिकी मॉडल बेटिना एंडरसन से धूमधाम से शादी की थी। अब इस शादी को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है, जिसने अमेरिकी राजनीति में हलचल मचा दी है। बताया जा रहा है कि ट्रंप जूनियर की शाही शादी का खर्च रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी एक बिजनेसमैन ने उठाया था।
जानकारी के मुताबिक, इस बात की पुष्टि ट्रंप जूनियर की पत्नी बेटिना एंडरसन ने की है। बेटिना ने बताया कि उनकी शादी के जश्न के खर्च का एक हिस्सा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी और बिजनेसमैन उमर क्रेमलेव ने उठाया था। बेटिना के इस खुलासे से अमेरिका में बवाल मच गया है। लोग सवाल कर रहें हैं कि जिस रूस को ट्रंप आए दिन बुरा-भला बोलते हैं कैसे उसके ही राष्ट्रपति के करीबी को अपने बेटे की शादी का खर्च उठाने दिया।
बेटिना एंडरसन के खुलासे से पहले अमेरिका की गैर-लाभकारी खोजी वेबसाइट प्रोपब्लिका ने इसे लेकर एक रिपोर्ट जारी की थी। प्रोपब्लिका की रिपोर्ट के मुताबिक 21 मई 2026 को बहामास में हुई डोनाल्ड ट्रंप जूनियर और बेटिना एंडरसन की शादी का खर्च रूसी बिजनेसमैन उमर क्रेमलेव ने उठाया था।
इसमें शादी के बाद एक शानदार पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें कई उपहार भी शामिल हैं। उमर क्रेमलेव एक रूसी अरबपति कारोबारी हैं। वह अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग संघ (IBA) के प्रमुख भी हैं। क्रेमलेव को पुतिन का करीबी भी माना जाता है।
प्रोपब्लिका के खुलासे के बाद बेटिना ने इसे लेकर सफाई दी है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट करते हुए कहा कि उमर क्रेमलेव उनके बहुत अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने शादी के बाद उनके लिए दो रातों के शानदार जश्न का आयोजन किया था। बेटिना ने इसे एक दोस्त की तरफ से दिया गया शादी का तोहफा बताया है। बेटिना ने कहा कि क्रेमलेव द्वारा दी गई पार्टी शादी का हिस्सा नहीं थी। इसे बस शादी के बाद दोस्तों के मिलने और खुशियां बांटने के लिए आयोजित किया गया था।
रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी बिजनेसमैन ने इस शादी में सैकड़ों हजार डॉलर खर्च किए। उन्होंने दंपति के लिए तीन दिन के कार्यक्रम के लिए दो निजी द्वीपों में से एक को किराये पर लिया था। जहां पार्टी के साथ आतिशबाजी की गई थी जिसका खर्च भी उन्होंने ही उठाया था।