शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर को संयुक्त रूप से पहला स्थान मिला।
भारत से 22 हस्तियों को द मुस्लिम 500 की सूची में शामिल किया गया।
मौलाना महमूद मदनी भारत से टॉप-50 में शामिल एकमात्र नाम हैं।
World Most Influential Muslims 2027: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर को दुनिया के सबसे प्रभावशाली मुसलमानों की सूची में संयुक्त रूप से पहला स्थान दिया गया है। इनके अलावा सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद, क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन भी इस रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं।
दुनिया के 500 प्रभावशाली मुसलमानों की इस सूची को 'द मुस्लिम 500' के नाम से जाना जाता है। इसका 2027 संस्करण 18वां संस्करण है, जिसे जॉर्डन की राजधानी अम्मान स्थित रॉयल इस्लामिक स्ट्रैटेजिक स्टडीज सेंटर की ओर से जारी किया गया है।
'द मुस्लिम 500' के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर को संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान मिलने के पीछे मक्का संयुक्त रक्षा समझौता अहम वजह है। यह समझौता 7 अगस्त 2026 को हुआ था।
संस्था के मुताबिक, इस समझौते का मकसद सऊदी अरब की आर्थिक ताकत, तुर्की की तकनीक और औद्योगिक क्षमता तथा पाकिस्तान की सैन्य शक्ति को एक साझा सुरक्षा व्यवस्था के तहत लाना है। इस गठबंधन को 'एक पर हमला, सभी पर हमला' की नीति के आधार पर पेश किया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इस समझौते का क्षेत्रीय राजनीति और मुस्लिम देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों पर असर पड़ा है। इसी वजह से गठबंधन को आगे बढ़ाने वाले पांचों नेताओं को संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रखा गया है।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर टॉप-50 में शामिल नहीं थे, बल्कि बिना किसी निर्धारित रैंकिंग के अन्य 450 लोगों की सूची में थे। इस बार सीधे शीर्ष स्थान पर पहुंचना सूची के प्रमुख बदलावों में से एक माना जा रहा है।
'द मुस्लिम 500' की इस साल की सूची में भारत के 22 लोगों को शामिल किया गया है, लेकिन इनमें से केवल मौलाना महमूद मदनी ही टॉप-50 में जगह बना पाए हैं। उन्हें 18वां स्थान मिला है।
मौलाना मदनी जमीयत उलेमा-ए-हिंद के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। यह देश के प्रमुख मुस्लिम सामाजिक और धार्मिक संगठनों में से एक है। प्रकाशन के अनुसार, उनका प्रभाव धार्मिक नेतृत्व के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में भी दिखाई देता है।
सूची में भारत के बाकी 21 लोगों को बिना किसी विशेष क्रम या रैंकिंग के शामिल किया गया है। ये अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी पहचान रखने वाले लोग हैं। इसमें शाहरुख खान, आमिर खान शबाना आजमी, एआर रहमान को शामिल किया गया है।
इनके अलावा शेख अबूबक्र अहमद, मौलाना कमरुज्जमां आजमी, सैयद इब्राहिमुल खलील अल-बुखारी, मीरवाइज उमर फारूक, मौलाना साद कंधलवी, मौलाना जुहैर उल हसन कंधलवी, मौलाना सैयद अरशद मदनी, डॉ. बहाउद्दीन नदवी, डॉ. सानियासैन खान, जाकिर नाइक, मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, मौलाना शाकिर अली नूरी,सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन असदुद्दीन ओवैसी और AIUDF के संस्थापक बदरुद्दीन अजमल को शामिल किया गया है। लिस्ट में विप्रो के संस्थापक अध्यक्ष अजीम प्रेमजी का नाम भी शामिल हैं।
पांच नेताओं को संयुक्त रूप से पहला स्थान दिए जाने के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई चौथे नंबर पर हैं। उन्होंने पहली बार इस सूची में जगह बनाई है। जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय को पांचवां, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी को छठा स्थान दिया गया है।
मिस्र के अल-अजहर विश्वविद्यालय के ग्रैंड इमाम शेख अहमद अल-तैयब नौवें नंबर पर हैं। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान को 12वीं और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम को 13वीं रैंकिंग मिली है।