

ट्रंप, पुतिन और शी जिनपिंग की त्रिपक्षीय बैठक में होर्मुज संकट पर चर्चा हुई।
अमेरिका और चीन ने होर्मुज से तेल सप्लाई जारी रखने पर सहमति जताई।
ट्रंप ने चीन से अमेरिकी किसानों के कृषि उत्पाद ज्यादा खरीदने की मांग की।
Trump-Putin And Xi Jinping Meeting: दुनिया की तीन बड़े नेताओं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरूवार को त्रिपक्षीय वार्ता की। चीन के शेनझेन के एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) सम्मेलन में दौरान हुई इस वार्ता में ट्रंप ने दोनों नेताओं के सामने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज और वैश्विक तेल व्यापार का मुद्दा उठाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका और चीन दोनों इस बात से सहमत हैं कि होर्मुज स्ट्रेट से तेल व्यापार बिना किसी रुकावट जारी रहनी चाहिए। ट्रंप ने जोर देते हुए कहा कि दोनों देश चाहते हैं कि इस समुद्री रास्ते से ऊर्जा की आवाजाही बनी रहे। इसके साथ ही उन्होंने ईरान को लेकर अपने पुराने बयान को दोहराते हुए कहा कि तेहरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि इन मुद्दो पर अमेरिका और चीन की सोच एक जैसी है।
डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में समय आया है, जब पूरी दुनिया में ईरान-अमेरिका युद्ध के चलते कच्चे तेल की बढ़ी हुई कीमतों का सामना कर रही है। होर्मुज संकट के कारण तेल की कीमतें भी करीब 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैं। चीन ईरान से तेल खरीदने के मामले में दुनिया का सबसे बड़ा देश है।
होर्मुज में लगातार चल रहा तनाव चीन की अर्थव्यवस्था और ऊर्जा जरूरतों के लिए बड़ा खतरा है। वहीं अमेरिका को भी तेल की बढ़ती कीतमों और दुनिया के बाजार पर पड़ने वाले असर को लेकर चिंता है। इस त्रिपक्षीय वार्ता के बाद माना जा रहा है कि अमेरिका और चीन, ईरान के साथ तनाव खत्म करने और होर्मुज से जहाजों की सुरक्षित आवाजाही शुरू कराने के लिए किस तरह काम करेंगे। हालांकि, इसे लेकर अभी तक इन देशों के बीच कोई ठोस समझौता नहीं हुआ है।
इस बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन से अमेरिका के किसानों से अधिक कृषि उत्पाद खरीदने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि चीन में अमेरिकी कृषि उत्पादों की काफी ज्यादा मांग है। वहीं, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान के मुद्दे पर अमेरिका से उचित कदम उठाने और दोनों देशों के बीच मतभेदों को कम करने की अपील की।
इस बैठक में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का मुद्दा भी अमेरिका और चीन के बीच चर्चा का प्रमुख विषय रहा। दोनों देशों के लिए इस समुद्री मार्ग से ऊर्जा की आपूर्ति लगातार जारी रहना बेहद जरूरी है। हालांकि, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और युद्ध से जुड़े मुद्दों पर अमेरिका और चीन किस तरह मिलकर आगे बढ़ेंगे, इसकी तस्वीर आने वाली बातचीत में ही स्पष्ट होगी।
इस बीच, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि रूस, अमेरिका और चीन के कई हित एक-दूसरे से मेल खाते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में इन तीनों देशों की अहम जिम्मेदारी है। पुतिन ने यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए भी तीनों देशों के बीच बातचीत को जरूरी बताया।
इससे पहले ट्रंप और पुतिन के बीच करीब 40 मिनट तक अलग से बैठक हुई थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध और रूस-अमेरिका के आपसी संबंधों पर चर्चा की। क्रेमलिन के अधिकारी यूरी उशाकोव के अनुसार, बातचीत समाप्त होने के बाद पुतिन काफी प्रसन्न नजर आए। यह बैठक पुतिन के लिए राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण रही, क्योंकि इसके जरिए उन्हें अमेरिका और चीन के नेताओं के समान एक प्रभावशाली वैश्विक नेता के तौर पर अपनी स्थिति पेश करने का अवसर मिला।