

Highlights:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट।
'GTA 5' से 'GTA 6' के दौर के बीच भारत 'फ्रैजाइल फाइव' से निकलकर सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना।
पीएम द्वारा साझा आंकड़ों के अनुसार, सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 GW से बढ़कर 175 GW हुआ।
रेलवे विद्युतीकरण 20% से बढ़कर 99.6% तक पहुंचा।
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने पीएम मोदी के पोस्ट पर पलटवार किया।
GTA 5 vs GTA 6 India Growth: गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकप्रिय वीडियो गेम सीरीज 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' (GTA) का उदाहरण देते हुए पिछले 12 वर्षों में भारत की विकास यात्रा को अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रेखांकित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि इस दौरान, भारत 'फ्रैजाइल फाइव' से निकलकर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है।
इस बीच, देश की सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट हो गई है, और रेलवे का विद्युतीकरण 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत तक पहुंच गया है। युवाओं से जुड़ने के प्रयास में, मोदी ने लोकप्रिय वीडियो गेम के दो संस्करणों 2013-14 में रिलीज हुए 'GTA 5' और गुरुवार को रिलीज हुए 'GTA 6' की तुलना की, ताकि विभिन्न विकास पैमानों पर आए बदलावों को दर्शाया जा सके।
'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' (GTA) एक फेमस वीडियो गेम सीरीज है, जिसके पांचवें और छठे संस्करण को क्रमशः 'GTA 5' और 'GTA 6' के नाम से जाना जाता है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा, "GTA 5 और GTA 6 के दौर के बीच भारत ने इस तरह प्रगति की है।"
प्रधानमंत्री के इस कदम पर कांग्रेस पार्टी ने पलटवार किया है। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "युवाओं तक पहुंचने की हताश कोशिश में, प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर 'GTA V' और 'GTA VI' जैसे वीडियो गेम की तस्वीरों का सहारा लिया है। याद रखें, ये गेम दो अपराधियों की कहानी पर आधारित हैं। कितनी उपयुक्त बात है।"
आपको बताते चलें, कि पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी इस पोस्ट में हवाई जहाज, ट्रेन, रॉकेट, सौर ऊर्जा संयंत्र, मोबाइल फोन, सड़क नेटवर्क और जहाजों जैसी कई चीजों की तस्वीरें शामिल थीं। मोदी ने बताया कि कभी 'फ्रैजाइल फाइव' अर्थव्यवस्थाओं में गिना जाने वाला भारत, अब दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
पीएम मोदी ने आगे बताया कि उस समय 27 प्रतिशत रही गरीबी दर अब घटकर 2.6 प्रतिशत रह गई है। 'स्वच्छ भारत अभियान' का जिक्र करते हुए खासकर शौचालयों के निर्माण और महिलाओं के लिए सुविधाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता कवरेज 39 प्रतिशत से बढ़कर 100 प्रतिशत हो गया है।
ऊर्जा क्षेत्र में हुई प्रगति के बारे में उन्होंने बताया कि भारत की सौर ऊर्जा क्षमता 2.82 गीगावाट से बढ़कर 175 गीगावाट हो गई है। अंतरिक्ष क्षेत्र में हुई प्रगति पर प्रकाश डालते हुए, मोदी ने बताया कि देश में अब 440 स्पेस स्टार्टअप हैं, जबकि पहले एक भी नहीं था।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि पूरे देश में रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण 20 प्रतिशत से बढ़कर 99.6 प्रतिशत हो गया है। वहीं, 1 GB 3G इंटरनेट डेटा की कीमत, जो कभी ₹308 हुआ करती थी, अब घटकर ₹7.51 रह गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी भारत रक्षा उपकरणों का एक बड़ा आयातक हुआ करता था, लेकिन अब यह 80 से अधिक देशों को हथियार और रक्षा उपकरण निर्यात करता है। आंतरिक सुरक्षा के संबंध में, उन्होंने नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में आई कमी की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, "पहले 182 जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे। अब ऐसा एक भी जिला नहीं बचा है।"
- एजेंसी इनपुट के साथ