Russia Kyiv Ballistic Missile Drone Attack: रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष ने एक बार फिर विनाशकारी रूप ले लिया है। 30 जुलाई 2026 की देर रात रूसी सेना ने यूक्रेन के कई हिस्सों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोनों से भीषण हमला किया है। रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई है और 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
हमलों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि इसकी गूंज पड़ोसी देश और नाटो सदस्य पोलैंड तक सुनाई दी, जहां एक मिसाइल के गिरने से हड़कंप मच गया है।
इस रूसी हमले का सबसे दर्दनाक मंजर निप्रोपेत्रोव्स्क ओब्लास्ट के रादुश्ने गांव में देखने को मिला। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यहां रूसी मिसाइल की चपेट में आने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की मौत हो गई है। हमले में 9 अन्य लोग घायल हुए हैं, जबकि 5 लोग अभी भी मलबे के नीचे लापता बताए जा रहे हैं।
राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि जब हम पेट्रियट मिसाइलों की मांग करते हैं, तो हम इन्ही मासूम परिवारों को बचाने की बात करते हैं।
रूसी हमलों के दौरान एक मिसाइल पोलैंड के लुब्लिन क्षेत्र स्थित तरनावा-कोलोनिया गांव के पास एक खेत में जा गिरी। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने घटना स्थल का दौरा करते हुए कहा कि शुरुआती संकेतों के अनुसार यह रूस की Kh-101 बैलिस्टिक मिसाइल हो सकती है।
सुरक्षा के लिहाज से पोलैंड ने तुरंत अपने फाइटर जेट्स को तैनात कर दिया और हवाई क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है। पोलैंड-यूक्रेन सीमा से महज 70 किलोमीटर दूर स्थित ल्वीव शहर भी धमाकों से थर्रा उठा।
राजधानी कीव में रातभर हवाई हमले के सायरन बजते रहे और हजारों लोगों ने मेट्रो स्टेशनों में शरण ली। कीव में मलबे गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई है और कई बाजारों व गोदामों में भीषण आग लग गई। ओबोलन जिले में एक प्राचीन वस्तुओं के बाजार में आग लगने से दशकों पुराना ऐतिहासिक संग्रह जलकर खाक हो गया। वहीं पश्चिमी यूक्रेन के इवानो-फ्रैंकिवस्क और रोमानिया सीमा से लगे इलाकों में भी मिसाइलें गिरने की खबरें आई हैं।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब महज दो दिन पहले 28 जुलाई को राष्ट्रपति जेलेंस्की ने व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। जेलेंस्की ने विश्व समुदाय से अपील की है कि रूसी आतंक को केवल एकजुट होकर ही रोका जा सकता है।
यह भी पढ़ें:- रूस-यूक्रेन जंग के बीच ट्रंप की नई चाल! अगस्त में कीव जाएंगे विटकॉफ और जेरेड कुश्नर, जानें क्यों अहम है दौरा
गौरतलब है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में कहा था कि यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमले जारी रहेंगे। यूक्रेन अब अपनी रक्षा के लिए अमेरिका से और अधिक आधुनिक वायु रक्षा प्रणालियों की उम्मीद कर रहा है।