Panic on Denver Airport: अमेरिका में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बच गया। डेनवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब अमेरिकन एयरलाइंस की उड़ान AA3023 के लैंडिंग गियर में आग लग गई। यह घटना उस समय हुई जब विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था।
विमान में सवार सभी 173 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि, एक यात्री को मामूली चोटों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य पांच यात्रियों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
यह घटना शनिवार दोपहर लगभग 2:45 बजे (अमेरिकी समय) हुई, जब उड़ान AA3023 डेनवर से मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (MIA) के लिए उड़ान भरने वाली थी। विमान रनवे 34L पर उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी लैंडिंग गियर का एक टायर खराब हो गया। इसके कारण उसमें आग लग गई।
डेनवर अग्निशमन विभाग और हवाई अड्डा प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। सभी यात्रियों को आपातकालीन स्लाइड के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया।अमेरिकन एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बोइंग 737 मैक्स 8 विमान के टायर में तकनीकी खराबी थी। इसका वीडियो भी सामने आया है।
बयान में कहा गया कि प्रभावित विमान को सेवा से हटा दिया गया है और पूरी जांच की जाएगी। विमान को गेट C34 से प्रस्थान करना था और निर्धारित समय दोपहर 1:12 बजे था। FAA (फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन) ने इसे लैंडिंग गियर में संभावित खराबी बताया है।
इस घटना के कारण, डेनवर हवाई अड्डे पर दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक उड़ानों को रोक दिया गया, जिससे 87 उड़ानें विलंबित हुईं। हालांकि, शाम तक सभी सेवाएं सामान्य रूप से बहाल हो गईं। अमेरिकन एयरलाइंस के साथ डेनवर में यह दूसरी बड़ी घटना है।
मार्च 2025 में, इसी एयरलाइन के एक अन्य विमान को इंजन में खराबी के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। अमेरिकन एयरलाइंस ने यात्रियों को मियामी ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की, जिसने शाम को उड़ान भरी।